फतेहपुर में पत्नी की हत्या, हादसे का रचा खौफनाक खेल; कूकर से वार के बाद पानी में डुबोया, फिर अस्पताल में रोने का किया नाटक
Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

फतेहपुर में पत्नी की हत्या, हादसे का रचा खौफनाक खेल; कूकर से वार के बाद पानी में डुबोया, फिर अस्पताल में रोने का किया नाटक

Admin
Admin
244 Views 5 Min Read 0 Comments
फतेहपुर में पत्नी की हत्या, हादसे का रचा खौफनाक खेल; कूकर से वार के बाद पानी में डुबोया, फिर अस्पताल में रोने का किया नाटक

फतेहपुर में पत्नी की हत्या, हादसे का रचा खौफनाक खेल; कूकर से वार के बाद पानी में डुबोया, फिर अस्पताल में रोने का किया नाटक

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले सहायक शिक्षक पति ने कथित तौर पर अपने दो भाइयों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी और वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की। अस्पताल पहुंचकर आरोपी ने पत्नी के लिए रोने का नाटक भी किया, लेकिन पुलिस की जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों ने उसकी पूरी कहानी बेनकाब कर दी।

मामला कोतवाली क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले का है। पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को किराए के मकान में सहायक शिक्षक दिलीप कुमार यादव ने अपनी पत्नी शालिनी की हत्या कर दी। आरोप है कि पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने के शक में उसने पहले कूकर के ढक्कन और हैंडल से उसके सिर पर हमला किया और फिर गर्दन पकड़कर उसे इन्फ्लेटेबल टब के पानी में डुबो दिया।

हत्या के बाद आरोपी करीब 20 मिनट तक बाहर घूमता रहा। इसके बाद वापस आकर उसने अपने भाइयों को फोन किया और पत्नी के हादसे में बेहोश होने की कहानी बनाई। फिर शालिनी को अस्पताल ले जाया गया, जहां आरोपी ने घटना से अनजान बनते हुए रोने का नाटक किया।

हालांकि पुलिस की जांच में कहानी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी दिलीप यादव को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया। 12 अगस्त को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

2017 में की थी लव मैरिज

पुलिस के अनुसार, दिलीप और शालिनी ने 3 दिसंबर 2017 को लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों शादीपुर और नासिरपीर इलाके में किराए के मकानों में रहे। समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।

पूछताछ में दिलीप ने पत्नी पर अवैध संबंध होने का आरोप लगाया और इसी शक व गुस्से में हत्या करने की बात स्वीकार की। हालांकि शालिनी के पिता धर्मराज यादव ने बेटी पर लगाए गए इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

पिता ने लगाया पति पर ही गंभीर आरोप

मृतका के पिता का दावा है कि अप्रैल 2025 से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि दिलीप का अपने ही स्कूल की एक महिला टीचर से अफेयर था। शालिनी ने यह बात अपने परिवार को बताई थी। पिता के मुताबिक, समझाने के बावजूद दिलीप अपनी कथित आदतों से बाज नहीं आया और उल्टा शालिनी पर ही चरित्र को लेकर आरोप लगाने लगा।

शालिनी शहर के एक स्कूल में प्राइवेट टीचर थी, जबकि दिलीप चक अल्लीपुर में सहायक शिक्षक के पद पर तैनात था।

पुलिस ने खोला पूरा राज

एसपी अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, पुलिस ने मामले में वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई और आरोपी तक पहुंची। 9 अगस्त को परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई थी।

फिलहाल मुख्य आरोपी जेल में है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पति द्वारा पत्नी पर लगाए गए अवैध संबंधों के आरोप और मृतका के पिता द्वारा लगाए गए पति के कथित प्रेम संबंध के आरोप—दोनों ही मामले की जांच का अहम हिस्सा हैं।

Admin
Written by

Admin

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos