अवास कैवर्त | पेंड्रा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड अंतर्गत देवरीकला प्राथमिक शाला में एक शिक्षक के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। स्कूल में पदस्थ शिक्षक स्वरूप सिंह मेश्राम पर लगे इन आरोपों ने शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले के अनुसार, संबंधित शिक्षक के शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने की शिकायत स्थानीय सरपंच द्वारा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से की गई है। शिकायत में शिक्षक के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को जांच के निर्देश दिए हैं। अब शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
शिक्षा विभाग की जांच पर टिकी निगाहें
इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में यह सवाल उठ रहा है कि यदि शिक्षक ही अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतेंगे, तो विद्यार्थियों के भविष्य और विद्यालय के अनुशासन की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? फिलहाल मामले में विभागीय जांच और उसके निष्कर्षों का इंतजार है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!