Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

पुष्पा स्टाइल में गांजा तस्करी! ट्रक के टायरों में छिपाकर ले जा रहे थे 151.50 किलो गांजा, दो गिरफ्तार

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
81 Views 5 Min Read 0 Comments
पुष्पा स्टाइल में गांजा तस्करी! ट्रक के टायरों में छिपाकर ले जा रहे थे 151.50 किलो गांजा, दो गिरफ्तार

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार 

 

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फिल्मी अंदाज में मेटाडोर के टायरों के अंदर गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने छह टायरों से 151.50 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 75 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

 

चेकपोस्ट पर पकड़ा गया मेटाडोर

 

‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत देवभोग पुलिस को 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मेटाडोर में अवैध गांजा लेकर देवभोग की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद खुटगांव अंतरराज्यीय पुलिस चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।

 

इसी दौरान संदिग्ध मेटाडोर को रोककर तलाशी ली गई। सामान्य तलाशी में गांजा नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने जब वाहन के टायरों की जांच की तो अंदर छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हो गया।

 

75.50 लाख का गांजा, 20.25 लाख का वाहन जब्त

 

पुलिस ने मेटाडोर के छह टायरों के अंदर छिपाकर रखा 151.50 किलो गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 75 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। मौके से मध्यप्रदेश के छतरपुर निवासी रोहित पांडेय और ओडिशा के कालाहांडी निवासी रमेश नायक को गिरफ्तार किया गया।

 

पुलिस ने गांजा के अलावा करीब 20 लाख 25 हजार रुपये कीमत का मेटाडोर भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

 

आठ महीने में 5 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त

 

गरियाबंद पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पिछले आठ महीनों में गांजा तस्करी के 44 प्रकरण दर्ज कर 86 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान कुल 1,080 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 17 लाख रुपये है।

 

तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 32 वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें 18 दोपहिया और 14 चारपहिया वाहन शामिल हैं।

 

अंतरराज्यीय सीमा का फायदा उठा रहे तस्कर

 

पुलिस के मुताबिक, गरियाबंद जिला कई राज्यों की सीमाओं से जुड़ा होने के कारण तस्कर इसे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास करते हैं। रायपुर रेंज आईजी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस टीमों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।

 

पुलिस का कहना है कि तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos