✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। जिले में अवैध मवेशी परिवहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उतई पुलिस ने ग्राम पुरई में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने मौके से तीन भैंस के साथ परिवहन में इस्तेमाल पिकअप, स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पुरई स्थित नर्सरी के पास अवैध रूप से मवेशियों के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। जांच के दौरान मैक्सिमा पिकअप क्रमांक CG 04 PF 6904 में तीन भैंसें मिलीं। मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज या अनुमति आरोपियों द्वारा प्रस्तुत नहीं की जा सकी।
मौके पर स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 HD 1564 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LB 1123 भी बरामद की गई।
छह आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने कमल गिरी गोस्वामी, जीमू गोस्वामी उर्फ संजू गोस्वामी, कमलेश गिरी गोस्वामी, करन गिरी गोस्वामी, टोमन यादव और जागेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
बरामद भैंसों का पशु चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
उतई पुलिस ने अपराध क्रमांक 428/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब जब्त मवेशियों के स्रोत, गंतव्य और अवैध परिवहन में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!