✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
पीएमश्री स्कूल के उन्नयन से बदली चनाट स्कूल की तस्वीर, पढ़ाई के साथ बच्चों में बढ़ी रुचि
दूरस्थ वनांचल के विद्यालय में स्मार्ट और प्रिंट रिच वातावरण, बालवाड़ी से लेकर खेल-कूद व योग तक की सुविधाएं
महासमुंद, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत भारत सरकार द्वारा पीएमश्री स्कूल के रूप में विकसित किए जाने के बाद विकासखंड बसना के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम चनाट की शासकीय प्राथमिक शाला का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, सुविधाओं और रचनात्मक गतिविधियों के विस्तार से बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ी है। अब आसपास के गांवों के पालक भी अपने बच्चों को इस पीएमश्री विद्यालय में पढ़ाने के लिए उत्साहित नजर आते हैं।
बालवाड़ी और बेगलेस डे के लिए अतिरिक्त कक्ष
28 मार्च 2023 को शासकीय प्राथमिक शाला चनाट का पीएमश्री स्कूल के रूप में उन्नयन किया गया। बालवाड़ी संचालन को प्राथमिकता देते हुए शासन द्वारा अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराया गया, जहां बालवाड़ी का संचालन किया जा रहा है। वहीं बेगलेस डे की गतिविधियों के लिए भी एक अतिरिक्त कक्ष विकसित किया गया है। यहां बच्चों के लिए ग्रुप एक्टिविटी, संगीत, योग सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां कराई जाती हैं।
प्रिंट रिच वातावरण से सीखना हुआ आसान
विद्यालय की सभी कक्षाओं में आकर्षक प्रिंट रिच वातावरण तैयार किया गया है। कक्षाओं में सप्ताह के दिनों के नाम, हिंदी वर्णमाला, महीनों के नाम, ज्यामितीय आकृतियां, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, दैनिक गतिविधियां, सोलर सिस्टम और सौर परिवार जैसी शैक्षणिक सामग्री प्रदर्शित की गई है। राष्ट्रीय प्रतीकों में मोर, कमल, तिरंगा और अशोक स्तंभ के साथ बरगद का भी प्रदर्शन किया गया है। इससे बच्चों को कक्षा में पढ़ाई के साथ देखकर और समझकर सीखने का अवसर मिल रहा है।
स्वच्छता, जल संरक्षण और हरियाली पर जोर
विद्यालय में मुख्य प्रवेश द्वार, शौचालय, वाटर हार्वेस्टिंग तथा पेवर ब्लॉक का निर्माण कराया गया है। पेवर ब्लॉक बनने से स्कूल परिसर कीचड़ मुक्त हो गया है। परिसर में सुंदर एवं सुसज्जित बगीचा विकसित किया गया है, जिसमें छह क्यारियां बनाकर पौधे रोपे गए हैं।
इसके साथ ही विद्यालय में हर्बल गार्डन भी तैयार किया गया है। इसमें आंवला, तुलसी, करी पत्ता, तेजपत्ता, एलोवेरा, कोइलार, लौंग और पीपली जैसे पौधे लगाए गए हैं, जो बच्चों को प्रकृति एवं उपयोगी पौधों के बारे में जानकारी देने के साथ विद्यालय की रसोई के लिए भी उपयोगी हैं।
हैंडवाश कॉर्नर से बच्चों में स्वच्छता की आदत
विद्यालय में हैंडवाश कॉर्नर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बच्चे शौच के बाद और भोजन करने से पहले नियमित रूप से हाथ धोते हैं। इससे उनमें व्यक्तिगत स्वच्छता की आदत विकसित हो रही है।
पीएमश्री योजना के तहत सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार से चनाट जैसे दूरस्थ क्षेत्र का यह विद्यालय अब बच्चों के लिए बेहतर सीखने, खेलने और रचनात्मक गतिविधियों का केंद्र बन रहा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!