✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
राजनांदगांव। असामाजिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिखली पुलिस ने पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक काले रंग की पिस्टल एवं मैग्जिन बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन एवं उप पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में असामाजिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना
दिनांक 01 अक्टूबर 2026 की रात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बड़ा तालाब पार, रमन बाजार चिखली क्षेत्र में गोलू नाम का युवक पिस्टल दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर चिखली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर युवक को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धनुष साहू उर्फ गोलू, पिता स्व. भानू साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी रमन बाजार चिखली वार्ड क्रमांक 10 बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक काले रंग की पिस्टल एवं मैग्जिन बरामद हुई।
पुलिस ने पिस्टल जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम सामने आए
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान धनुष साहू उर्फ गोलू ने बताया कि उसके साथी शेख शहबाज उर्फ शिब्बू एवं जफर मोमीन पिस्टल खरीदकर लाए थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपीगण क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने के लिए पिस्टल लेकर रमन बाजार तालाब क्षेत्र में लोगों को डराने-धमकाने का काम करते थे।
पुलिस ने मामले में शेख शहबाज उर्फ शिब्बू, जफर मोमीन और ऐश्वर्य झा उर्फ राम को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद चारों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई अपराध पंजीबद्ध हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच एवं मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. धनुष साहू उर्फ गोलू, पिता स्व. भानू साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी रमन बाजार चिखली वार्ड क्रमांक 10, ओपी चिखली, जिला राजनांदगांव।
2. शेख शहबाज उर्फ शिब्बू, पिता शेख परवेज, उम्र 28 वर्ष, निवासी ओवरब्रिज के पास स्टेशनपारा वार्ड क्रमांक 12, ओपी चिखली, जिला राजनांदगांव।
3. जफर मोमीन, पिता हाजी सफीक मोमीन, उम्र 20 वर्ष, निवासी पेट्रोल पंप के पास।
4. ऐश्वर्य झा उर्फ राम — पुलिस द्वारा मामले में आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!