✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट रिपोर्टर-हेतराम साहू
पिकअप की टक्कर से मां-पुत्र की दर्दनाक मौत, हादसे के बाद चालक गिरफ्तार
बारहपाली मोड़ के पास हुआ हादसा, ग्रामीणों ने सड़क किनारे लगे टीलों और सूचना बोर्ड को हटाने की उठाई मांग
सरायपाली। बारहपाली से दशक्रर्म कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे मां-पुत्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सरायपाली-भंवरपुर मार्ग पर गायत्री राइस मिल के पास बारहपाली मोड़ में हुआ। मृतकों की पहचान जलपुर निवासी सचिव नरेंद्र नायक और उनकी माता वेदमती नायक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार नरेंद्र नायक अपनी माता वेदमती नायक के साथ एक रिश्तेदार के दशक्रर्म कार्यक्रम में शामिल होने बारहपाली गए थे। दोनों मोटरसाइकिल से वापस जलपुर लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे बारहपाली मोड़ के पास सरायपाली की ओर से भंवरपुर मार्ग पर तेज रफ्तार से जा रहे पिकअप वाहन ने सामने से उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके पर वाहन रोकने के बजाय वाहन लेकर मौका-ए-वारदात से फरार होने लगा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने पीछा कर पिकअप वाहन को पकड़ा और चालक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सड़क किनारे लगे टीलों और सूचना बोर्ड को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों ने बताया कि बारहपाली मोड़ के पास सड़क किनारे लगे टीलों तथा सूचना बोर्ड के कारण भंवरपुर रोड से आने वाले वाहनों को समय पर दिखाई नहीं देता। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे लगे टीलों एवं सूचना बोर्ड को हटाने तथा मोड़ पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के गंभीर हादसों को रोका जा सके।
टोल टैक्स से बचने बढ़ रही वाहनों की रफ्तार
ग्रामीणों के अनुसार छुईपाली स्थित टोल टैक्स से बचने के लिए कई वाहन भंवरपुर मार्ग से बसना की ओर जाते हैं। टोल से बचने के लिए वाहनों को करीब 15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इसी दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलने के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों को बेहतर करने की मांग की है।
हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!