बिलासपुर (सिटी कोतवाली)। दयालबंद इलाके में शराब और अवैध पार्किंग वसूली के नाम पर रंगदारी दिखाने वाले बदमाशों ने बेरहमी से एक महिंद्रा थार और पैशन बाइक को आग के हवाले कर दिया। प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके नाबालिग साथी को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।
'यहां गाड़ी खड़ी करने का पैसा लगता है': नशे में दी थी धमकी
किलावार्ड जूना बिलासपुर निवासी प्रार्थी मुकेश कुमार देवांगन (45 वर्ष) ने अपनी महिंद्रा थार (क्रमांक CG 10 BP 7770) दयालबंद स्थित अपने मित्र के दफ्तर के बाहर पार्क की थी। रात करीब 8:00 बजे नशे में धुत प्रियांशु पानीकर वहां पहुंचा और दादागिरी दिखाते हुए बोला— "मुझे जानते नहीं हो, यहां गाड़ी पार्किंग करने का पैसा लगता है।" जब प्रार्थी ने पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपी अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ी फूंकने का अल्टीमेटम देकर चला गया।
रात के अंधेरे में वाहनों में तोड़फोड़ कर लगाई आग
धमकी देने के बाद आरोपी प्रियांशु पानीकर ने अपने 17 वर्षीय नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर साजिश को अंजाम दिया। दोनों ने मिलकर थार कार और पास खड़ी पैशन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 MB 7981) में तोड़फोड़ की और उन्हें आग के हवाले कर दिया। सुबह जब वाहनों के जलने की खबर मिली, तब प्रार्थी ने सीधे सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 526/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 296, 119(1), 351(3), 326(च), 324(4) और 3(5) के तहत गंभीर अपराध दर्ज किया।
* प्रियांशु पानीकर (21 वर्ष, पिता: अजय उर्फ नान पानीकर) — निवासी दयालबंद (गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल)
* अपचारी बालक (उम्र 17 वर्ष) — विधिवत अभिरक्षा में लेकर बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कोतवाली पुलिस का स्पष्ट कहना है कि शहर में नशाखोरी और जबरन उगाही करने वाले असमाजिक तत्वों पर लगातार सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
✍️अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!