पहियों पर सियासत, जेब पर डकैती: 15 हजार कमाने वाला घर चलाए या बस का किराया चुकाए?
बिलासपुर।
सड़कों पर दौड़ती बसें सिर्फ लोहे का ढांचा नहीं होतीं, वे उस आम आदमी की सांसें हैं जो सुबह रोजी-रोटी की तलाश में घर से निकलता है और शाम को थकान की गठरी बांधे लौटता है। पर विडंबना देखिए, तारीख मुकर्रर हो चुकी है—22 सितंबर। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन चक्काजाम का बिगुल फूंक दिया है। ऑपरेटरों का दर्द है कि डीजल महंगा हो गया, टैक्स की मार है, लिहाजा किराया बढ़ाया जाए। पर इस पूरे गणित में एक चेहरा पूरी तरह गायब है—उस आम मुसाफिर का, जिसके दम पर यह पूरी व्यवस्था चलती है।

किसके पसीने का मोल चुकाएगी यह हड़ताल?
बिलासपुर संभाग में ही 300 से ज्यादा बसों के पहिए थमने की तैयारी है। सीपत-बलौदा, मुंगेली-कवर्धा, करगीरोड और सारंगढ़ जैसे ग्रामीण अंचलों से शहर आने वाले करीब 9 से 10 हजार रोजमर्रा के यात्री एक झटके में बेसहारा हो जाएंगे। पर सवाल केवल एक दिन के पहिए थमने का नहीं, सवाल उस 'किराया वृद्धि' की मांग का है जो सीधे एक गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार की थाली पर वार करेगी।
बस में सफर कौन करता है? कोई अफसर या उद्योगपति नहीं, बल्कि वह युवा जो 15 से 20 हजार रुपये की मामूली नौकरी के लिए दिन-रात खटता है। वह मजदूर, वह छोटा दुकानदार और वह छात्र जिसकी जेब का बजट चंद सिक्कों में सिमटा होता है।
15 हजार की पगार, 5 लोगों का पेट और किराए की छत: गणित समझिए साहब!
एयरकंडीशंड दफ्तरों और यूनियनों के मंचों से किराया बढ़ाना बहुत आसान मांग लगती है, लेकिन कभी उस परिवार की चौखट पर जाकर देखिए जहां कमाने वाला एक और खाने वाले चार से पांच हों।
* महीने की पहली तारीख को हाथ में आते हैं 15 से 18 हजार रुपये।
* 5 से 6 हजार रुपये सीधे मकान मालिक की झोली में 'कमरे के किराए' के नाम चले जाते हैं।
* बचे 10 हजार में बच्चों की स्कूल फीस, बूढ़े मां-बाप की दवाइयां, महीने भर का राशन और बिजली का बिल।

महीने की 20 तारीख आते-आते बटुआ खाली हो जाता है और चूल्हा जलाने के लिए उधारी का सहारा लेना पड़ता है।
अब ऐसे में अगर बस का किराया और बढ़ा दिया जाए, तो वह इंसान यात्रा कहां से करेगा? क्या वह अपने बच्चों का निवाला छीनकर बस ऑपरेटरों की तिजोरी भरे, या फिर बीमार मां की दवा रोक दे?
हड़ताल का फंदा और पिसता हुआ आम नागरिक
22 तारीख से बसें बंद होंगी तो ऑटो और प्राइवेट गाड़ियां मनमाना किराया वसूलेंगी। नौकरीपेशा इंसान अगर काम पर नहीं गया तो उसकी एक दिन की दिहाड़ी कटेगी, और अगर गया तो जेब कट जाएगी। बस स्टैंड के किनारे चाय की गुमटी चलाने वाला, समोसा बेचने वाला और ठेले वाला—सबके घरों में चूल्हा बुझने की नौबत आ जाएगी।
बस संचालकों का डीजल का रोना अपनी जगह हो सकता है, शासन की नीतियां अपनी जगह हो सकती हैं; लेकिन जब दो पाटों के बीच टकराव होता है, तो पिसता सिर्फ और सिर्फ गरीब है। वक्त आ गया है कि हुक्मरान केवल पहियों को न देखें, उस आम आदमी की खाली जेब और बुझी हुई आंखों को भी देखें जो इस व्यवस्था के बोझ तले पहले ही दम तोड़ रही है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!