Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

पत्नी घर छोड़कर गई तो पड़ोसी की कर दी हत्या, घर में छिपा रहा आरोपी; मिर्ची का धुआं छोड़कर पुलिस ने पकड़ा

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
84 Views 5 Min Read 0 Comments
पत्नी घर छोड़कर गई तो पड़ोसी की कर दी हत्या, घर में छिपा रहा आरोपी; मिर्ची का धुआं छोड़कर पुलिस ने पकड़ा

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार 

 

गरियाबंद। शराब की लत और घरेलू विवाद के बाद पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से नाराज एक युवक ने पड़ोसी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी अपने ही घर में छिपकर बैठ गया। उसे पकड़ने के लिए पुलिस को करीब 7 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने घर के ऊपर से मिर्ची का धुआं छोड़ा, जिसके बाद आरोपी बाहर निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

मामला शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव का है। पुलिस के मुताबिक 32 वर्षीय हीरा नागेश ने अपने 38 वर्षीय पड़ोसी खोलबहरा नागेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है।

 

आरोपी ने इससे पहले एक अन्य पड़ोसी 25 वर्षीय नरेंद्र पर भी प्राणघातक हमला किया था। नरेंद्र किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घायल युवक का उपचार मैनपुर अस्पताल में चल रहा है।

 

पत्नी के घर छोड़ने से था नाराज

 

शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा के अनुसार, आरोपी की पत्नी घर से चली गई थी। आरोपी को शक था कि उसके पड़ोसियों ने उसकी पत्नी को उकसाया है। इसी बात को लेकर उसने पड़ोसियों से विवाद किया और हमला कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि आरोपी राजमिस्त्री का काम करता है और शराब का आदी है। कुछ समय तक उसने दवा लेकर शराब छोड़ दी थी, लेकिन मानसिक तनाव के बीच उसने दोबारा शराब पीना शुरू कर दिया। इसके बाद उसका व्यवहार आक्रामक हो गया था और वह आए दिन घर में विवाद करता था।

 

घटना से एक रात पहले भी आरोपी का पत्नी जागेश्वरी से विवाद हुआ था। सुबह पत्नी उसके उठने से पहले घर छोड़कर मायके चली गई। उठने के बाद आरोपी पत्नी की तलाश करता रहा और इसी दौरान पड़ोसियों से विवाद शुरू हो गया।

 

घर में खुद को कर लिया बंद

 

हत्या की सूचना मिलते ही शोभा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जवानों पर गुलेल से हमला भी किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए।

 

स्थिति गंभीर होने पर मैनपुर पुलिस और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे। आरोपी को घर से बाहर निकालने के लिए पुलिस ने मकान की छत के ऊपर से मिर्ची का धुआं छोड़ा। इसके बाद आरोपी घर से बाहर निकला।

 

बाहर आते ही आरोपी करीब 200 मीटर तक पुलिस जवानों पर हमला करने के लिए दौड़ा। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे काबू में लिया और करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया।

 

गांव में दहशत, स्कूल और आंगनबाड़ी भी रहे बंद

 

हत्या की वारदात और आरोपी के घंटों तक घर में छिपे रहने से पूरे गांव में दहशत का माहौल रहा। ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। डर के कारण स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी नहीं खोले गए।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल नरेंद्र का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos