पड़ोसी का गुल्लक तोड़कर खरीदे नए मोबाइल, चंद घंटों में रतनपुर पुलिस ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
रतनपुर (बिलासपुर): पड़ोस की सूनी हवेली और उसमें रखी बचत की गुल्लक ने दो युवकों के मन में लालच जगा दिया। चोरी के पैसों से नए स्मार्टफोन का शौक तो पूरा हो गया, लेकिन यह शौक चंद घंटों में ही उन्हें सीधे हवालात तक ले गया। रतनपुर पुलिस ने सूने मकान से गुल्लक चुराने वाले एक बालिग आरोपी सहित उसके नाबालिग साथी को धर दबोचा है।

ग्राम मदनपुर निवासी नीलम श्यामले जब अपने घर लौटीं, तो कमरे का दरवाजा खुला और अंदर रखी गुल्लक गायब मिली। गुल्लक में लगभग 33 हजार रुपये जमा थे। प्रार्थिया की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पड़ोसियों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस का शक घर के पास रहने वाले 19 वर्षीय गौरव श्यामले पर गया।
सख्ती से पूछताछ करने पर गौरव टूट गया और उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की बात कबूल कर ली। दोनों ने बताया कि सूना घर देखकर धक्का देकर दरवाजा खोला, गुल्लक चुराकर तोड़ी और पैसे आपस में बांट लिए। इसके बाद दोनों ने तुरंत नया मोबाइल फोन खरीद लिया और बाकी पैसे खर्च कर दिए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के रुपयों से खरीदे गए दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। बालिग आरोपी गौरव श्यामले को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
इस त्वरित खुलासे में रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, सउनि पवन सिंह तथा आरक्षक आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर और धनराज कुम्भकार की मुख्य भूमिका रही।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!