✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज जिला रिपोर्टर देवन सिंह
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 23 नवंबर 2026/भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के 50 सदस्यीय दल ने मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में आयोजित आपदा प्रबंधन एवं पर्वतारोहण शिविर में सहभागिता कर जिले का गौरव बढ़ाया है। शिविर से लौटे प्रतिभागियों को आज कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, साहस, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सेवा भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिविर में प्राप्त प्रशिक्षण एवं अनुभवों का उपयोग जीवन में करने तथा आपदा एवं अन्य विषम परिस्थितियों में जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि पचमढ़ी में 12 से 16 नवंबर तक आयोजित शिविर में जिले के 46 स्काउट्स एवं गाइड्स तथा 4 शिक्षक-प्रशिक्षकों सहित कुल 50 सदस्यों ने भाग लिया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने पर्वतारोहण, आपदा प्रबंधन, साहसिक गतिविधियों, सामूहिक नेतृत्व, अनुशासन एवं विषम परिस्थितियों में कार्य करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। सम्मान समारोह में कलेक्टर के साथ जिला मुख्य आयुक्त डॉ. नीरज जैन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी ने भी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिविर में विद्यार्थियों के साथ सहभागी रोवर लीडर श्री अनिल पटेल एवं श्री विजय कुमार कोरी, गाइड श्रीमती किरण कश्यप तथा जिला प्रभारी श्रीमती अर्चना सामुएल मसीह को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी मरवाही श्री संजय वर्मा भी उपस्थित थे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!