✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक आयोजित सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने कथा स्थल और आसपास पार्क किए गए दोपहिया वाहनों को निशाना बनाया। सात दिनों के दौरान 7 दोपहिया वाहन चोरी होने की शिकायतें पुलिस तक पहुंची हैं। इनमें 5 बाइक और 2 स्कूटी शामिल हैं। चोरी गए वाहनों की कुल कीमत करीब 1 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।
20 अगस्त को बाइक चोरी
20 अगस्त को टी. चंदु राव पत्नी के साथ कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे अपनी होंडा बाइक पार्किंग में खड़ी की और पंडाल में चले गए। दोपहर करीब 3 बजे वापस लौटे तो बाइक गायब मिली। वाहन की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
एक ही दिन दो बाइक चोरी
22 अगस्त को शंकर लाल साहू और दर्शन लाल फुल्लारे की बाइक चोरी हो गई। शंकर लाल ने दोपहर करीब 1 बजे अपनी हीरो पैशन प्रो को एसपीए रोड के किनारे खड़ा किया था। शाम 5 बजे लौटने पर बाइक गायब मिली। इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
इसी दिन दर्शन लाल की हीरो पैशन प्रो भी चोरी हुई। उन्होंने सुबह करीब 10:30 बजे बाइक खड़ी की थी और शाम 5 बजे लौटने पर वाहन नहीं मिला। बाइक की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
महज 15 मिनट में स्कूटी गायब
देव कुमार साहू होंडा डियो स्कूटी से कथा स्थल पहुंचे थे। उन्होंने रात करीब 9 बजे स्कूटी खड़ी की और पंडाल में चले गए। करीब 15 मिनट बाद वापस लौटे तो स्कूटी गायब थी। इसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
इसी तरह आशीष चंदेल अपने पिता के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस बाइक से कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 10:30 बजे हैलीपैड के पास बाइक खड़ी की थी। शाम करीब 4 बजे लौटने पर बाइक गायब मिली। इसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
मां के साथ आई युवती की एक्टिवा भी चोरी
ज्योति साहू 20 अगस्त को अपनी मां के साथ एक्टिवा से कथा सुनने पहुंची थीं। उन्होंने गणेश द्वार के पास स्कूटी खड़ी की और पंडाल में चली गईं। अगले दिन शाम करीब 5 बजे लौटने पर स्कूटी नहीं मिली। स्कूटी की डिक्की में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेज भी रखे हुए थे।
एक अन्य मामले में चुम्मन लाल देवांगन अपने साले के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस बाइक से कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने रात करीब 7:30 बजे बाइक हैलीपैड पर खड़ी की थी। रात 10:30 बजे वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। वाहन की कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
लगातार वाहन चोरी की शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब कथा स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सभी वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या अलग-अलग चोरों ने घटनाओं को अंजाम दिया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाले आयोजन में लगातार दोपहिया वाहन चोरी होने से सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!