✍️हमर प्रदेश सीजी न्यूज
जिला रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद
नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म के दोषी सौतेले पिता को आजीवन कारावास, विशेष न्यायालय गरियाबंद ने लगाया 20 हजार रुपये का अर्थदण्ड
नाबालिग पुत्री के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी देकर लगातार दुष्कर्म करने के मामले में विशेष न्यायालय गरियाबंद ने आरोपी सौतेले पिता (55 वर्ष) को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय की अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत दोषसिद्ध ठहराते हुए उसके शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक कारावास एवं 20 हजार रुपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया है।
क्या है पूरा मामला?
विशेष लोक अभियोजक हरि नारायण त्रिवेदी ने बताया कि पीड़िता के चचेरे भाई द्वारा थाना अमलीपदर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता के जन्म के बाद उसकी मां ने आरोपी से विवाह कर लिया था। लगभग दो वर्ष पूर्व मां की मृत्यु के बाद पीड़िता आरोपी के साथ रह रही थी।
10 सितंबर 2025 को आरोपी के पड़ोसी ने पीड़िता के चचेरे भाई को फोन कर बताया कि आरोपी उसके साथ मारपीट करता है। सूचना मिलने पर परिजन आरोपी के घर पहुंचे, जहां पीड़िता ने बताया कि उसका सौतेला पिता मारपीट एवं धमकी देकर उसके साथ जबरदस्ती करता है।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायत के आधार पर थाना अमलीपदर पुलिस ने पीड़िता को आरोपी के घर से थाने लाकर पूछताछ की। पीड़िता हिंदी भाषा समझने में असमर्थ थी, इसलिए गोंडी एवं हल्बी भाषा जानने वाली दो महिला अनुवादकों की सहायता से कथन दर्ज कराए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।
अभियोजन पक्ष की ओर से अपराध प्रमाणित करने के लिए कुल 12 साक्षियों के बयान कराए गए।
न्यायालय ने सभी साक्ष्यों, रेडियोलॉजिकल जांच तथा चिकित्सा रिपोर्ट के परीक्षण के बाद आरोपी को दोषी पाया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!