✍️ इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दो अलग-अलग कार्रवाई में 127.309 किलो गांजा जब्त, कीमत करीब 64 लाख रुपये
रायपुर। राजधानी रायपुर में सूखे नशे के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे में गंज और आमानाका थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 127.309 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 63.65 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिनसन गुरिया की मॉनिटरिंग में की गई।
फाफाडीह में ऑटो से 82.51 किलो गांजा बरामद
पहली कार्रवाई 7 अक्टूबर 2026 को गंज थाना क्षेत्र में की गई। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि पचपेड़ी नाका की ओर से एक ऑटो में तीन लोग गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने संदिग्ध ऑटो की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध ऑटो दिखाई दिया। पुलिस ने पीछा कर उसे रोक लिया। ऑटो में सवार तीन लोगों की पहचान मुकुन्द शर्मा (27), गोपाल वर्मा उर्फ गोपी (28) और संतोष साहू (34) के रूप में हुई।
पुलिस ने ऑटो में रखे ट्रॉली बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई में कुल 82.51 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 41.25 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
इस मामले में गंज थाने में अपराध दर्ज कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
टाटीबंध में 44.799 किलो गांजा के साथ दो आरोपी और नाबालिग पकड़ा गया
दूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर 2026 को आमानाका थाना क्षेत्र में की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास कुछ लोग गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में दो आरोपियों की पहचान कान्हू डकुआ (36), निवासी ओडिशा और सुमित भट्टाचार्य (36), निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। इनके साथ एक नाबालिग भी मिला।
पुलिस ने उनके पास रखे बैग की तलाशी ली, जिसमें 44.799 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 22.40 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आमानाका थाने में अपराध दर्ज कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस अब आरोपियों से गांजे की सप्लाई से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ से सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
85 एनडीपीएस मामलों में 190 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इन कार्रवाइयों में पुलिस ने करीब 6 करोड़ 31 लाख 2 हजार 810 रुपये कीमत का गांजा, ओशन ग्रो (गांजा), प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एमडीएमए, पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन (चिट्टा), ब्राउन शुगर, अफीम, नकदी, वाहन, मोबाइल फोन, कट्टा, चाकू सहित अन्य सामान जब्त किए जाने की जानकारी दी है।

Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!