NDPS एक्ट पर राजनांदगांव रेंज स्तरीय कार्यशाला कवर्धा में आयोजित, उत्कृष्ट पुलिस अधिकारियों का सम्मान
*जगदलपुर/रायपुर, 13 सितम्बर 2026।* छत्तीसगढ़ में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कबीरधाम जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय कवर्धा में आज राजनांदगांव रेंज स्तरीय NDPS कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री तथा कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर IG राजनांदगांव रेंज अजय यादव, SP जितेन्द्र कुमार यादव सहित रेंज के सभी विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।
*उप मुख्यमंत्री ने दिए कड़े निर्देश -*
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन, आयात-निर्यात और भंडारण से जुड़े पूरे नेटवर्क को पूरी ताकत से तोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि NDPS के मामलों में केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विवेचना इतनी प्रभावी हो कि आरोपियों को न्यायालय से दोषसिद्धि दिलाई जा सके।
उन्होंने कहा कि गवाहों की अनुपस्थिति जैसी स्थिति में भी वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का बेहतर उपयोग कर प्रकरण को मजबूत बनाया जाए।
*IG ने बताया - तस्करी की चैन को तोड़ना है प्राथमिकता*
IG श्री अजय यादव ने कहा कि कार्रवाई को केवल सामने मौजूद आरोपी तक सीमित न रखते हुए पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों तक पहुंचना और चैन को समाप्त करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। गिरफ्तार आरोपियों के लोकेशन, संपर्कों की तस्दीक कर पता लगाया जाए कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और कहां पहुंचाया जाना था।
*देश, समाज और युवाओं की सेवा है NDPS पर कार्रवाई -*
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह देश, समाज, नौजवानों और आने वाली पीढ़ी की सेवा है। जहां नशीले पदार्थों से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले वहां CCTV और आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में गांजे की तस्करी के कई मामलों में अन्य राज्यों से जुड़े स्रोत सामने आए हैं। सरकार आधुनिक तकनीक से अवैध खेती और तस्करी के स्रोतों की पहचान कर रही है।
*उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी सम्मानित -*
कार्यशाला के दौरान NDPS के प्रकरणों में उत्कृष्ट कार्य कर आरोपियों को दोषसिद्ध कराने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उप मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में SP श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने आभार व्यक्त किया।
*रिपोर्ट - स्टेट रिपोर्टर मनोज भट्ट | हमर प्रदेश छत्तीसगढ़*
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!