✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर रंजय सिन्हा
बगीचा। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से शासकीय संत रामेश्वर गहिरा गुरुजी महाविद्यालय, बगीचा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, बगीचा के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की समन्वयक ने विद्यार्थियों को “नशा जीवन के लिए हानिकारक है” विषय पर सारगर्भित एवं प्रेरणादायी संबोधन दिया। उन्होंने नशे के कारण व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा, आर्थिक स्थिति तथा सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है और युवाओं को नशे से बचाकर ही स्वस्थ, सशक्त एवं संस्कारवान समाज का निर्माण किया जा सकता है।
जागरूकता कार्यक्रम के पश्चात नशामुक्ति शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं NSS स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे के प्रति जागरूक करने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य श्री शरद कुमार नेताम ने अपने संबोधन में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के सामाजिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशामुक्ति केवल व्यक्तिगत प्रयास का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महाविद्यालय परिसर को नशामुक्त बनाए रखने तथा विद्यार्थियों में स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. राजीव रंजन तिग्गा, NSS कार्यक्रम अधिकारी, ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति का संदेश तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक युवा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण, NSS स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के विरुद्ध जागरूकता उत्पन्न कर उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार एवं सकारात्मक जीवन की दिशा में प्रेरित करना रहा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!