✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज ब्लॉक रिपोर्टर: देवेंद्र केशरवानी लोरमी, जिला मुंगेली (छत्तीसगढ़)
लोरमी। भारत सरकार के माय भारत केंद्र, लोरमी ब्लॉक द्वारा नगर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” विषय पर आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा मुंगेली जिला महामंत्री गुरमीत सलूजा ने युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक होना आवश्यक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार जायसवाल ने की। उन्होंने उपस्थित युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा नशे की लत से होने वाली शारीरिक एवं मानसिक क्षति के बारे में विस्तार से बताया।
विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशील यादव ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने तथा सकारात्मक सोच के साथ समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन माय भारत केंद्र के ब्लॉक संयोजक देवेंद्र केशरवानी ने किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प में युवाओं की भूमिका एवं नशामुक्त भारत अभियान में उनकी सहभागिता पर प्रकाश डाला गया। प्रोजेक्टर के माध्यम से विकसित भारत एवं नशामुक्त युवा विषय पर लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं विद्यार्थियों ने नशामुक्ति से संबंधित स्लोगन लिखकर अपने विचार प्रस्तुत किए और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शिक्षक आनंद गुप्ता, शिक्षक बी.आर. चेलक, शिक्षक सी.पी. साहू, शिक्षक विजय विश्वकर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक, युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में शिक्षक बी.आर. चेलक ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!