हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट
नवां जोहारनी कार्यक्रम संपन्न, आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा का लिया संकल्प
कुरेंगा, बस्तर। ग्राम पंचायत कुरेंगा, विकासखंड तोकापाल में कोया कुटमा समाज के तत्वावधान में पारंपरिक कोड़ता जोहारनी अर्थात नवां जोहारनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोया कुटमा समाज के संभागीय अध्यक्ष, सर्व आदिवासी समाज के युवा प्रभाग के संभागीय अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, कर्मचारी प्रभाग के अध्यक्ष सहित सर्व आदिवासी समाज के विभिन्न पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति, परंपरा, रीति-रिवाज, सामाजिक एकता तथा ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने पर विशेष चर्चा की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि जल, जंगल और जमीन आदिवासी समाज के जीवन, आजीविका और पहचान के प्रमुख आधार हैं। इनकी रक्षा करना तथा अपनी पारंपरिक संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
माड़िया चौक का नाम बदलने पर जताई नाराजगी
कार्यक्रम के दौरान माड़िया चौक का नाम बदलकर विकसित भारत चौक किए जाने के मुद्दे पर सर्व आदिवासी समाज एवं कोया कुटमा समाज के प्रतिनिधियों ने कड़ी आपत्ति जताई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि आदिवासी समाज की ऐतिहासिक पहचान, पारंपरिक नामों और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान किया जाना चाहिए। स्थानीय समाज की भावनाओं और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखकर ही ऐसे निर्णय लिए जाने चाहिए।
आदिवासी संस्कृति से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं- हिड़मो मंडावी
कोया समाज के संम्भाग अध्यक्ष हिड़मो मंडावी ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक पहचान की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होना होगा। यदि समाज की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं की अनदेखी की जाती है, तो सर्व आदिवासी समाज एवं कोया कुटमा समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर व्यापक आंदोलन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित समाज प्रमुखों ने समाज की एकता मजबूत करने, आदिवासी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जल, जंगल, जमीन और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
समाज की ओर से संदेश दिया गया कि आदिवासी संस्कृति केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी पहचान, इतिहास और गौरव है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक समाजजन का दायित्व है।
मुख्य रुप से हिड़मो मंडावी कोया समाज संम्भाग अध्यक्ष, सर्व आदिवासी युवा प्रभाग संम्भाग अध्यक्ष संतु मौर्य ,बसंत कश्यप, गंगा नाग,सरगीम कवासी,पुरनसिंह कश्यप ,लक्ष्मण बघेल,सुकमन पोयाम,जयमन,जगदुराम कश्यप,राजुराम पोयाम अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!