✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी रवीना यादव के रूप में हुई है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी विपुल यादव से हुई थी। मायके पक्ष ने रवीना की मौत के पीछे पति के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को वजह बताया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों के मुताबिक, 14 अगस्त की रात रवीना और उसका पति घर पर थे। इसी दौरान कथित रूप से पति की प्रेमिका के घर पहुंचने की बात सामने आई, जिसके बाद रवीना का पति से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद रवीना को कमरे में बंद कर पति कथित प्रेमिका के साथ बाहर चला गया।
पति को करीब 17 बार किया फोन
रवीना के मामा साहब लाल यादव का दावा है कि कमरे में बंद होने के बाद रवीना ने पति से संपर्क करने की कई कोशिशें कीं। रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच उसने पति को लगभग 17 बार फोन किया, लेकिन कथित तौर पर किसी कॉल का जवाब नहीं मिला। इससे पहले रात करीब 8:30 बजे रवीना की कथित प्रेमिका से करीब 15 मिनट तक फोन पर बातचीत भी हुई थी। परिजनों का कहना है कि उस दौरान रवीना काफी तनाव में थी और उसने खुद या पति को कुछ कर लेने जैसी बातें कही थीं।
दुपट्टे से लगाया फंदा
इसके बाद रवीना ने कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। नवविवाहिता की मौत के चलते पंचनामा महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया गया।
उतई पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया है। 15 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद जौनपुर से परिजन दुर्ग पहुंचे। 16 अगस्त को महिला चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद पिता लल्लन यादव समेत मायके के परिजन शव लेकर जौनपुर रवाना हो गए।
मोबाइल और कॉल डिटेल की जांच
फिलहाल पुलिस मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, पति-पत्नी के बीच विवाद, कथित प्रेम संबंध और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही रवीना की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!