श्री राधे मोहन रामायण समिति के तत्वावधान में यात्रा का शुभारंभ, उमेश दुबेदी ने कराया पूजन एवं संकल्प
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ रिपोर्टर : अवास कैवर्त, गौरेला
जिला – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
गौरेला। धार्मिक आस्था और भक्ति के वातावरण के बीच गौरेला नगर से 13 दिवसीय मां नर्मदा दर्शन एवं परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ हुआ। श्री राधे मोहन रामायण समिति, गौरेला के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा के लिए 40 श्रद्धालुओं का जत्था भक्तिभाव और उत्साह के साथ रवाना हुआ। इस दौरान पूरा वातावरण 'नर्मदे हर' और 'जय श्री राम' के जयघोष से गूंज उठा।
यात्रा के मुख्य संयोजक सीताराम महाराज हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु मां नर्मदा के विभिन्न पवित्र तटों, मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही प्रतिदिन पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया जाएगा।
प्रधान पुजारी ने कराया पूजन और यात्रा का संकल्प
यात्रा की रवानगी से पहले मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक के प्रधान पुजारी उमेश दुबेदी ने विधिवत पूजन-अर्चन कराया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को नर्मदा परिक्रमा यात्रा का संकल्प दिलाते हुए यात्रा के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं भोपाल से पहुंचे नर्मदा परिक्रमा यात्री मि. बघेल ने भी श्रद्धालुओं को संबोधित किया।
तिलक और पुष्पहार से दी गई विदाई
यात्रा में मंजू नामदेव, मथुरा सोनी, एल्डरमैन नगर पालिका परिषद गौरेला, राजेंद्र प्रसाद सोनी, मोहन गुप्ता सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और समाजसेवी शामिल हुए। श्रद्धालुओं की रवानगी के दौरान परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने तिलक लगाकर एवं पुष्पहार पहनाकर उनका स्वागत किया और सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
समिति के सदस्यों के अनुसार, 13 दिनों की धार्मिक यात्रा पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं का जत्था वापस गौरेला लौटेगा। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!