Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

नगर में पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपावली पर्व अंचल में राउत नाच और गौरा-गौरी पूजन की रही धूम देर रात तक गूंजती रही पटाखों की आवाज

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
5 Min Read 0 Comments
नगर में पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपावली पर्व अंचल में राउत नाच और गौरा-गौरी पूजन की रही धूम देर रात तक गूंजती रही पटाखों की आवाज

देशभर के साथ कसडोल नगर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में प्रकाश पर्व दीपावली पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दीपोत्सव की रौनक देखते ही बनी। लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों को दीपों, रंग-बिरंगी झालरों एवं आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया। शाम होते ही दीपों की रोशनी से पूरा नगर जगमगा उठा। लोगों ने विधि-विधान से मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

दीपावली के अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां एवं उपहार भेंट कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। नगर के बाजारों में भी दीपावली की रौनक रही। कपड़े, मिठाई, सजावटी सामान, पूजा सामग्री एवं पटाखों की दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही। देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही। वहीं रात में आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर हो गया और देर रात तक पटाखों की आवाज गूंजती रही।

 

शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ दीपावली पर्व

 

कसडोल नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। ग्रामीण अंचलों में भी लोगों ने उत्साह के साथ आतिशबाजी कर दीपोत्सव मनाया। सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यक इंतजाम किए गए थे। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के साथ संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी रही। राहत की बात रही कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

 

गौरा-गौरी विवाह की रस्मों ने बांधा समां, पारंपरिक शोभायात्रा के साथ हुआ विसर्जन

 

दीपावली पर्व के दौरान कसडोल अंचल में पारंपरिक गौरा-गौरी पूजन एवं विवाह उत्सव का विशेष आकर्षण देखने को मिला। नगर के शीतला चौक, बैगा पारा और इंदिरा कॉलोनी सहित विभिन्न स्थानों पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार गौरा-गौरी विवाह का आयोजन किया गया।

 

परंपरा के अनुसार लक्ष्मी पूजा की रात्रि बैगा अथवा ग्राम प्रमुख के घर से गौरा-गौरी की प्रतिमाओं को गाजे-बाजे के साथ ग्राम के मुख्य चौराहे स्थित चबूतरे तक लाया गया। यहां पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं लोकगीतों के बीच रातभर विवाह उत्सव मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण शामिल हुए। पारंपरिक गीत-संगीत और आतिशबाजी से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवमय बना रहा।

 

गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंगलवार को गौरा-गौरी की प्रतिमाओं का पारंपरिक शोभायात्रा निकालकर विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा शामिल हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने काशी से बनी रस्सी का सोटा भी लिया तथा पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन करते हुए यात्रा में आगे बढ़े। गाजे-बाजे और लोकपरंपराओं के बीच देर शाम तक कसडोल में गौरा-गौरी विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

 

गोवर्धन पूजा पर बाजार चौक में विशेष आयोजन

 

गोवर्धन पूजा के अवसर पर कसडोल नगर के बाजार चौक में भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के संगम ने दीपावली पर्व को और भी यादगार बना दिया। इस तरह कसडोल नगर में दीपावली का पर्व रोशनी, उमंग, आपसी भाईचारे और लोकपरंपराओं के संरक्षण के संदेश के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया।

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
Written by

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos