रिपोर्टर- प्रकाश कुमार साहू जिला संवाददाता बलौदाबाजार
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
कसडोल:- नगर में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बढ़ती बिक्री पर रोक लगाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से भगवती मानव कल्याण संगठन, महिला समूह एवं नगरवासियों के सहयोग से नशामुक्ति जनजागरण ज्ञापन रैली का भव्य आयोजन किया गया। इस रैली में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद की।
रैली के माध्यम से नगर में खुलेआम हो रही अवैध शराब की बिक्री एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई गई। आयोजकों एवं नगरवासियों ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं, महिलाओं और परिवारों पर पड़ रहा है। नशे की लत के कारण कई परिवार आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास और प्रशासनिक सख्ती बेहद जरूरी है।
जनजागरण रैली के पश्चात नगर में अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने तथा इस कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से मांग की गई कि नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा नशे के कारोबार को रोकने के लिए नियमित कार्रवाई की जाए।
वहीं, प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम भी ज्ञापन सौंपा गया। इसमें प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग रखी गई
इस अवसर पर भगवती मानव कल्याण संगठन के जिला पदाधिकारी,तहसील पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में सदस्य,महिला समूहों एवं नगरवासियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जब तक आम नागरिक, सामाजिक संगठन और प्रशासन एक साथ मिलकर प्रयास नहीं करेंगे, तब तक नशे जैसी सामाजिक बुराई पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं है। इसके लिए संगठन द्वारा व्यापक स्तर पर माता भगवती के दुर्गा चालीसा पाठ के माध्यम से जनजागरण अभियान चला रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि कसडोल नगरवासी अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ एकजुट हैं। रैली के माध्यम से लोगों से भी अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को जागरूक करें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!