✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर — कलावती
दुर्ग। सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने नकली सोने के जेवरात को असली बताकर गिरवी रखने और 8.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और 84.880 ग्राम वजन के नकली सोने के जेवरात बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, भोईपारा निवासी पवन कुमार जैन (37) ने 4 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 और 30 सितंबर को एक महिला और एक पुरुष ने 84.880 ग्राम वजन के सोने के जेवरात बताकर उन्हें गिरवी रखा और बदले में कुल 8.25 लाख रुपये नकद प्राप्त किए। बाद में जांच में गिरवी रखे गए जेवरात नकली पाए गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 555/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आया पूरा मामला
पुलिस टीम ने पतासाजी करते हुए रमेश कुमार (35), निवासी शिवानंद नगर, रायपुर और मीनाक्षी बाघ (39), निवासी कादम्बरी नगर, दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने नकली जेवरात उपलब्ध कराने वाले आरोपी राजेश अग्रवाल (45), निवासी कबीर नगर, रायपुर की पहचान की और उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
नकली जेवरात को असली बताकर की ठगी

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने नकली सोने के आभूषणों को वास्तविक सोने के जेवरात के रूप में प्रस्तुत किया और उन्हें गिरवी रखकर नगद राशि प्राप्त की। विवेचना के दौरान पुलिस ने नकली जेवरात उपलब्ध कराने वाले आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन तथा 84.880 ग्राम नकली सोने के जेवरात जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार यह घटना सहेली आर्म्स, श्री शिवम मॉल, दुर्ग में हुई थी।
मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!