✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
डोंगरगढ़/राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने नकली शराब तैयार कर उसे असली बताकर बेचने के आरोप में संचालित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना डोंगरगढ़ और चौकी मोहारा पुलिस ने साइबर टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल ₹2,42,462 का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में तथा एएसपी कीर्तन राठौर, एसडीओपी केशरी नंदन नायक और डीएसपी साइबर सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।
3 आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
1. तेजेश्वर साहू, पिता भागवत, उम्र 26 वर्ष, निवासी विचारपुर, ठेलकाडीह, KCG
2. देवव्रत वर्मा, पिता पुरन, उम्र 20 वर्ष, निवासी मोहारा, डोंगरगढ़
3. आनंद अग्रवाल, पिता केदारमल, उम्र 47 वर्ष, निवासी जयस्तंभ चौक, डोंगरगढ़
पुलिस के मुताबिक मामले में महेंद्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी और राजा भाटिया फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
3 हजार नकली लेबल और होलोग्राम छपवाने का आरोप
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि फरार आरोपी महेंद्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी के कथित निर्देश पर देवव्रत वर्मा ने डायमंड कलेक्शन प्रिंटिंग दुकान, जिसके संचालक तेजेश्वर साहू बताए गए हैं, से जम्मू व्हिस्की के लगभग 3,000 लेबल और 3,000 होलोग्राम स्टीकर छपवाए।
पुलिस को इस संबंध में UPI लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। जांच के अनुसार मिलावटी शराब को नई बोतलों में भरकर उन पर नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर बेचने की तैयारी अथवा बिक्री की जा रही थी।
पुलिस ने यह सामान किया जब्त
तेजेश्वर साहू की दुकान से:
लेजर प्रिंटर
कंप्यूटर एवं मॉनिटर
नकली लेबल
होलोग्राम पेपर
मोबाइल
अनुमानित कीमत: ₹1.50 लाख
देवव्रत वर्मा से:
मोबाइल
1 लेबल
1 होलोग्राम
अनुमानित कीमत: ₹20 हजार
आनंद अग्रवाल से:
2,100 नग 180 ML प्लास्टिक बोतलें, जिन पर SALE FOR CHHATTISGARH ONLY अंकित है
मोबाइल
अनुमानित कीमत: ₹25 हजार
इसके अलावा पूर्व कार्रवाई में 497 पौवा (89.46 बल्क लीटर) शराब जब्त की गई थी, जिसमें 429 पौवा उत्तराखंड निर्मित और 68 पौवा छत्तीसगढ़ निर्मित बताए गए हैं। साथ ही ढक्कन, लेबल आदि सामग्री भी बरामद की गई थी। इसकी अनुमानित कीमत ₹47,462 बताई गई है।
कुल जब्ती: ₹2,42,462
FSL जांच जारी
आबकारी विभाग द्वारा जब्त शराब को प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं पुनः बॉटलिंग की हुई बताया गया है। शराब की वास्तविक प्रकृति और गुणवत्ता की पुष्टि के लिए FSL जांच जारी है।
डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच
मामले में पुलिस ने मोबाइल फोन, UPI लेन-देन, CDR एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है। पुलिस का कहना है कि इन साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 537/2026 के तहत धारा 111, 336(3), 338, 340(2) BNS एवं 34(2), 59(क), 36, 49(क) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!