नकली नोटों की आशंका में जब्त 100-100 रुपये के तीन नोट निकले असली, पुराने होने से फीका पड़ा था रंग
कांकेर। कोयलीबेड़ा इलाके में नकली होने की आशंका में पुलिस के पास जमा कराए गए 100-100 रुपये के तीन नोट जांच के बाद असली पाए गए। नोट पुराने होने के कारण उनका रंग फीका पड़ गया था, जिसके चलते पेट्रोल पंप संचालक को उन पर नकली होने का संदेह हुआ था।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, इस सप्ताह कोयलीबेड़ा स्थित उसेंडी पेट्रोल पंप पर एक अज्ञात वाहन चालक ने पेट्रोल भरवाने के बाद 100-100 रुपये के कुछ नोटों से भुगतान किया और वहां से चला गया। बाद में नोटों की गिनती के दौरान पंप संचालक को तीन नोट संदिग्ध लगे। नोटों का रंग फीका दिखाई देने के कारण संचालक को उनके नकली होने की आशंका हुई।
इसके बाद पंप संचालक ने मामले की सूचना कोयलीबेड़ा पुलिस को दी और संदिग्ध तीनों नोट पुलिस के पास जमा करा दिए।
बैंक एक्सपर्ट ने जांच में बताया असली
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निर्मल जांगड़े ने संदिग्ध नोटों को जांच के लिए अंतागढ़ बैंक के विशेषज्ञ के पास भेजा। बैंक एक्सपर्ट ने नोटों की बारीकी से जांच की।
जांच में सामने आया कि तीनों नोट कुछ वर्ष पुराने हैं और लंबे समय तक चलन में रहने के कारण उनके रंग और कागज की स्थिति में बदलाव आया है। इसी वजह से वे देखने में कुछ अलग और फीके नजर आ रहे थे। जांच के बाद बैंक विशेषज्ञ ने तीनों नोटों को पूरी तरह असली होने की पुष्टि की।
इसके बाद पुलिस ने नोटों को पंप संचालक को वापस कर दिया।
पुलिस ने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पुराने या फीके पड़े नोटों को देखकर तुरंत उन्हें नकली न मानें। यदि किसी नोट को लेकर संदेह हो तो उसे किसी बैंक या अधिकृत विशेषज्ञ से जांच कराएं। बिना पुष्टि के किसी व्यक्ति पर नकली नोट चलाने का आरोप न लगाएं।
स्टेट रिपोर्टर — मनोज भट्ट
HamarPradeshCG
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!