✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम महिला पर रासायनिक पदार्थ फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 35 वर्षीय महिला पर एक युवक ने बैटरी का पानी फेंक दिया। घटना में महिला के साथ मौजूद दो बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक और पीड़िता एक ही गांव के रहने वाले हैं। करीब छह महीने पहले दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। पिछले कुछ समय से महिला ने युवक से बातचीत करना बंद कर दिया था, जिससे वह नाराज चल रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बातचीत बंद होना ही हमले की मुख्य वजह सामने आ रही है।
घटना के समय महिला दुर्ग से धमधा की ओर जल चढ़ाने जा रही थी। इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर उस पर रासायनिक पदार्थ फेंक दिया। छींटे पड़ने से दो बच्चे भी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात पूर्व नियोजित थी या गुस्से में अचानक हमला किया गया।
हमले में इस्तेमाल किए गए रासायनिक पदार्थ की प्रकृति और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
एएसपी मणि शंकर चंद्र ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!