✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
धान से आगे बढ़कर ड्रैगन फ्रूट की खेती, उमा शुक्ला कमा रहीं ₹1.25 लाख प्रति एकड़ शुद्ध आय
राष्ट्रीय बागवानी मिशन की योजना से मिला प्रोत्साहन, आधुनिक खेती अपनाकर बनीं अन्य किसानों के लिए प्रेरणा
महासमुंद, 06 अक्टूबर 2026। परंपरागत धान की खेती के साथ अगर किसान आधुनिक और लाभकारी उद्यानिकी फसलों को अपनाएं तो खेती से बेहतर आमदनी हासिल की जा सकती है। महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के ग्राम कुल्हरिया की कृषक श्रीमती उमा शुक्ला ने ड्रैगन फ्रूट की उन्नत खेती अपनाकर इसका उदाहरण प्रस्तुत किया है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन अंतर्गत फल क्षेत्र विस्तार योजना से जुड़कर उन्होंने अपनी खेती में नवाचार किया और लगभग 1 लाख 25 हजार रुपए प्रति एकड़ की शुद्ध आय अर्जित की।
श्रीमती उमा शुक्ला, पति श्री प्रकाश नारायण शुक्ला, पहले अपनी 1.62 हेक्टेयर भूमि पर पारंपरिक रूप से धान की खेती करती थीं। उनकी भूमि में करीब 1 हेक्टेयर सिंचित तथा 0.60 हेक्टेयर असिंचित रकबा था। धान की खेती में लागत और मेहनत अधिक होने के बावजूद आमदनी सीमित रहती थी। बेहतर आय के विकल्प की तलाश में उन्होंने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू करने का निर्णय लिया।
उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग से शुक्ला दंपत्ति ने ड्रैगन फ्रूट की उन्नत खेती में आधुनिक तकनीकों को अपनाया। इसका परिणाम उन्हें पहले ही वर्ष में देखने को मिला। उन्हें करीब 40 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन प्राप्त हुआ। उत्पादित ड्रैगन फ्रूट को महासमुंद और बागबाहरा मंडी में लगभग 80 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बेचा गया।
उमा शुक्ला के अनुसार ड्रैगन फ्रूट की खेती में शुरुआत में धान की तुलना में लागत अधिक आती है, लेकिन उत्पादन और बाजार मूल्य बेहतर मिलने से इसमें लाभ की संभावनाएं अधिक हैं। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से उन्हें नई फसल अपनाने और आधुनिक तकनीक से खेती करने का आत्मविश्वास मिला।
उमा शुक्ला की सफलता यह दर्शाती है कि परंपरागत खेती के साथ नई तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप फसलों का चयन कर किसान अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। ड्रैगन फ्रूट की खेती से मिली सफलता अब उनके लिए आमदनी का नया जरिया बनने के साथ ही आसपास के किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!