✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
किसानों से की चर्चा, बारिश से फसल प्रभावित होने पर सर्वे कर प्रकरण बनाने के निर्देश; अवैध धान परिवहन पर सख्ती बरतने को कहा
**महासमुंद, 23 नवंबर 2026।** जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बागबाहरा विकासखंड के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों और बैरियरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटपरपाली, नर्रा और कोमाखान धान खरीदी केंद्रों के साथ टेमरी एवं नर्रा बैरियर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों को उपलब्ध सुविधाओं, धान खरीदी प्रक्रिया और उपार्जित धान के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र प्रभारियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। टोकन व्यवस्था से लेकर धान उपार्जन तक सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शिता के साथ संचालित की जाएं।
बारिश से प्रभावित फसल का होगा सर्वे
धान खरीदी केंद्रों में पहुंचे किसानों से कलेक्टर ने सीधे चर्चा की। किसानों ने असामयिक बारिश के कारण धान की फसल प्रभावित होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को प्रभावित फसलों का सर्वेक्षण कर नियमानुसार प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए।
धान को नमी से बचाने तिरपाल और जल निकासी की व्यवस्था के निर्देश
कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में बारिश एवं नमी से धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त तिरपाल उपलब्ध कराने और पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि केंद्रों में जलभराव की स्थिति न बने तथा उपार्जित धान के ढेर और बोरों को आवश्यकतानुसार तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखा जाए, ताकि बारिश से धान को नुकसान न पहुंचे।
अवैध धान परिवहन पर रहेगी कड़ी निगरानी
कलेक्टर ने टेमरी एवं नर्रा बैरियर का निरीक्षण कर अवैध धान परिवहन और अनधिकृत भंडारण पर रोक लगाने के लिए की जा रही निगरानी की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दूसरे राज्यों एवं अन्य क्षेत्रों से आने वाले धान के परिवहन पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संदिग्ध वाहनों की जांच कर आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना, खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखना और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!