✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बफर केंद्रों के लिए तैयार होंगे उपयुक्त स्थल, कृषक उन्नति योजना का गांव-गांव होगा प्रचार; सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों पर भी जताई गंभीरता
महासमुंद, 17 नवंबर 2026।
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और सुचारू बनाने के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने धान खरीदी की प्रगति, किसानों की सुविधाओं, कृषक उन्नति योजना के प्रचार-प्रसार तथा सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
🔴 दो दिनों में 5,650 क्विंटल धान की खरीदी
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में धान खरीदी के शुरुआती दो दिनों में अब तक कुल 5,650 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। मंगलवार के लिए जिले के 169 उपार्जन केंद्रों में टोकन जारी किए गए हैं तथा 4,119 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
धान खरीदी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने सभी उपार्जन केंद्रों में बफर केंद्र के लिए उपयुक्त स्थल तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें, ताकि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
🔴 कृषक उन्नति योजना का गांव-गांव होगा प्रचार
सीईओ ने कृषक उन्नति योजना को लेकर किसानों में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों के साथ-साथ ग्राम स्तर पर भी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए गांवों में मुनादी कराकर अधिक से अधिक किसानों को योजना की जानकारी और उसके लाभों से अवगत कराने को कहा।
🔴 सीएम हेल्पलाइन के 9,084 आवेदनों की समीक्षा
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक कुल 9,084 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 4,678 आवेदनों का सकारात्मक फीडबैक के साथ निराकरण किया गया है, जबकि 2,265 आवेदनों का स्पेशल क्लोजर किया गया है।
सीईओ ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और उनका समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आवेदकों को वास्तविक राहत मिलना भी जरूरी है।
🔴 न्यायालयीन प्रकरणों में केस क्रमांक दर्ज करना अनिवार्य
सीईओ सुश्री आनंद ने न्यायालयीन प्रकरणों से संबंधित जानकारी दर्ज करते समय केस क्रमांक अनिवार्य रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इस प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि प्रकरणों का रिकॉर्ड व्यवस्थित एवं अद्यतन रहे।
🔴 ई-फाइल, आधार उपस्थिति और राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा
बैठक में पारस पोर्टल, ई-फाइल, आधार आधारित उपस्थिति, राजस्व प्रकरणों तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को विभागीय कार्यों में समयबद्धता, जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, श्री जगन्नाथ वर्मा, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अनुविभाग एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!