✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
27 नवंबर को जिलेभर में चलेगा बाल विवाह रोकथाम का विशेष जागरूकता अभियान, ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्रामसभा
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी व्यवस्था और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं के साथ उपार्जित धान की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संभावित बारिश को देखते हुए सभी केंद्रों में तिरपाल, जल निकासी (ड्रेनेज) और सुरक्षित स्टैकिंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, सीएम हेल्पलाइन तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण, अवैध परिवहन पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने जिला स्तरीय एवं नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर सतत निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
27 नवंबर को बाल विवाह के खिलाफ जिलेभर में जागरूकता अभियान
बाल विवाह मुक्त भारत एवं बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने तथा अंतरराष्ट्रीय बाल, अल्पायु एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को जिलेभर में विशेष जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग सहित संबंधित विभागों को ग्राम स्तर तक अभियान की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके तहत सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित की जाएगी। स्कूलों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बाल विवाह नहीं करने और बाल विवाह का विरोध करने की सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके अधिकारों को प्रभावित करता है। इसलिए आम नागरिकों को इसके दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर सामाजिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाई जाए। अभियान में पंचायती राज संस्थाओं, नगरीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, मैदानी कार्यकर्ताओं और सामुदायिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
राष्ट्रीय कार्यक्रम का होगा ऑनलाइन प्रसारण
कलेक्टर ने 27 नवंबर को अपराह्न 3 बजे विज्ञान भवन, नई दिल्ली में भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का जिला स्तर पर ऑनलाइन प्रदर्शन कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की तस्वीरें, वीडियो एवं मीडिया कवरेज निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने तथा समय-सीमा में प्रतिवेदन भेजने को कहा।
लंबित शिकायतों का समय-सीमा में करें निराकरण
बैठक में सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों, आम नागरिकों के आवेदनों और विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम श्री डी.एस. राजपूत, सुश्री शिक्षा शर्मा सहित अन्य डिप्टी कलेक्टर एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने भी पुलिस विभाग के लंबित प्रकरणों तथा जिले की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!