Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

धान खरीदी में लापरवाही बरती तो अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही, अवैध धान पर कलेक्टर की सख्ती

State Head - H.R.SAHU
State Head - H.R.SAHU
5 Min Read 0 Comments
Chhattishgarh local news
Chhattishgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

### धान खरीदी में लापरवाही बरती तो अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही, अवैध धान पर कलेक्टर की सख्ती

 

15 नवंबर से जिले के 95 केन्द्रों में शुरू होगी धान खरीदी, तीन पालियों में चेकपोस्टों पर होगी निगरानी; अवैध धान मिलने पर वाहन और धान होंगे जब्त

 

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 03 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि 15 नवंबर से खरीदी शुरू होने से पहले सभी उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। वहीं अवैध धान परिवहन, भंडारण और बाहरी धान खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

तीन पालियों में चेकपोस्टों पर होगी निगरानी

 

अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले के चेकपोस्टों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी तीन पालियों में लगाई गई है। पहली पाली सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 2 से रात 10 बजे तक तथा तीसरी पाली रात 10 से सुबह 6 बजे तक रहेगी। पुलिस, राजस्व, आबकारी और खाद्य विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से संदिग्ध वाहनों की जांच करेंगे। दूसरे राज्यों और जिलों से धान लाकर पंजीकृत किसानों के नाम पर बेचने की कोशिश करने वालों के वाहन और धान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

तहसीलवार उड़नदस्ता दल रखेंगे नजर

 

कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में तहसीलवार उड़नदस्ता दल भी सक्रिय रहेंगे। इन दलों में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक और मंडी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों को खरीदी शुरू होने से पहले केन्द्रों का निरीक्षण कर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

जिले के 95 केन्द्रों में होगी धान खरीदी

 

जिले में कुल 95 धान उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें सारंगढ़ विकासखंड में 30, बरमकेला में 27 और बिलाईगढ़ में 38 केन्द्र शामिल हैं। कलेक्टर ने सभी केन्द्रों पर तौल मशीनों का सत्यापन, आर्द्रतामापक यंत्रों की उपलब्धता और खराब उपकरणों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा है। प्रत्येक केन्द्र में सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में होने चाहिए। व्यवस्था में कमी या कैमरे बंद पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

 

तुहर टोकन एप से किसान ले सकेंगे टोकन

 

किसानों की सुविधा के लिए 'तुहर टोकन' मोबाइल एप के माध्यम से टोकन लेने की व्यवस्था रहेगी। किसान समिति में पहुंचकर भी टोकन प्राप्त कर सकेंगे। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दो एकड़ तक के किसानों को एक, दो से दस एकड़ तक के किसानों को दो तथा दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन टोकन दिए जाएंगे। कलेक्टर ने किसानों को टोकन प्रक्रिया की जानकारी देने और खरीदी केन्द्रों में अनावश्यक इंतजार की स्थिति नहीं बनने देने के निर्देश दिए।

 

15 नवंबर से 31 जनवरी तक चलेगी खरीदी

 

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 31 जनवरी 2027 तक चलेगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और निर्धारित ड्यूटी के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

 

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

State Head - H.R.SAHU
Written by

State Head - H.R.SAHU

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos