✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
धान खरीदी में महासमुंद ने रचा नया रिकॉर्ड, राज्य में सबसे आगे रहा जिला
1.49 लाख किसानों ने बेचा 10.19 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान, 99.43% उपार्जित धान का उठाव पूरा
महासमुंद, 28 सितंबर 2026। किसानों को उपज बेचने के लिए सुगम, पारदर्शी और व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराने का परिणाम महासमुंद जिले में धान खरीदी के रूप में सामने आया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में महासमुंद जिला राज्य में सर्वाधिक धान खरीदी करने वाला जिला रहा। जिले में 1 लाख 49 हजार 759 किसानों ने अपना धान बेचा और कुल 10 लाख 19 हजार 568.12 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया।
धान खरीदी के साथ-साथ उसके सुरक्षित भंडारण और समयबद्ध उठाव पर भी विशेष ध्यान दिया गया। खरीदे गए धान में से 10 लाख 13 हजार 782.07 मीट्रिक टन यानी 99.43 प्रतिशत धान का उठाव/निराकरण किया जा चुका है। इससे उपार्जित धान के सुरक्षित और व्यवस्थित प्रबंधन में जिले ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
1.60 लाख किसान पंजीकृत, 93.53 प्रतिशत ने बेचा धान
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 1,60,118 किसान पंजीकृत थे। इनमें से 1,49,759 किसानों ने धान का विक्रय किया, जो कुल पंजीकृत किसानों का 93.53 प्रतिशत है। किसानों को अपने गांव और क्षेत्र के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा देने के लिए जिले में 182 धान उपार्जन केन्द्र संचालित किए गए।
इन केन्द्रों पर व्यवस्थित प्रक्रिया के साथ धान खरीदी की गई, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिली।
सीएमआर में 2.05 लाख मीट्रिक टन चावल जमा
धान खरीदी के बाद उसके सुरक्षित प्रबंधन के साथ मिलिंग और सीएमआर जमा कराने की प्रक्रिया भी जारी है। जिले में सीएमआर के निर्धारित 5,41,421.91 मीट्रिक टन लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 2,05,677.89 मीट्रिक टन चावल जमा किया जा चुका है। धान के सुरक्षित भंडारण के लिए जिले में 5 धान संग्रहण केन्द्र उपलब्ध रहे।
छोटे और सीमांत किसानों को भी मिला लाभ
किसान हितैषी व्यवस्था में छोटे और सीमांत किसानों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जिला खाद्य शाखा के अनुसार जिले में 5 एकड़ तक के 26,352 से अधिक किसानों को धान बोनस राशि का लाभ मिल रहा है।
इनमें 1 से 2.5 एकड़ तक के लगभग 14,046 सीमांत किसान शामिल हैं, जिनका कुल रकबा 7,169 हेक्टेयर से अधिक है। वहीं 2.5 से 5 एकड़ तक के करीब 12,306 लघु किसान पंजीकृत हैं। बोनस राशि किसानों के लिए खेती की लागत, घरेलू जरूरतों और आगामी कृषि गतिविधियों में सहायक बन रही है।
2026-27 में किसानों को और सुविधा, 20 नए खरीदी केन्द्र स्वीकृत
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए भी धान खरीदी की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। किसानों को अपने क्षेत्र के नजदीक धान बेचने की सुविधा देने के लिए जिले में 20 नए धान उपार्जन केन्द्र स्वीकृत किए गए हैं।
नए केन्द्रों में महासमुंद में 2, बागबाहरा में 5, पिथौरा में 1, बसना में 11 और सरायपाली में 1 केन्द्र शामिल है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को धान विक्रय के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी और खरीदी व्यवस्था और अधिक सुगम होगी।
रिकॉर्ड खरीदी के साथ बेहतर प्रबंधन पर भी जोर
महासमुंद जिले की यह उपलब्धि केवल बड़ी मात्रा में धान खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की भागीदारी, उपार्जन केन्द्रों की उपलब्धता, सुगम खरीदी, समयबद्ध उठाव और सुरक्षित भंडारण की समन्वित व्यवस्था को भी दर्शाती है। आगामी खरीफ सीजन में 20 नए केन्द्रों के जुड़ने से जिले की धान खरीदी व्यवस्था को और विस्तार मिलने की उम्मीद है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!