हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
ब्लॉक रिपोर्टर – महेश्वर जायसवाल
बलौदाबाजार। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही जिले में अवैध धान भंडारण और कारोबार करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने जिले के चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में दुकानों और ट्रेडर्स के ठिकानों से कुल 393 कट्टा धान, करीब 15 क्विंटल खुला धान और 15 कट्टा चावल जब्त किया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध धान कारोबारियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।
चार ठिकानों पर छापेमारी, कहां से कितना माल हुआ जब्त?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमगा अनुविभाग के ग्राम कामता स्थित शायब ट्रेडिंग कंपनी में राजस्व विभाग की टीम ने जांच के दौरान 279 कट्टा धान और लगभग 15 क्विंटल खुला धान बरामद कर जब्त किया।
वहीं, तहसील लवन के ग्राम भालुकोना में विमल ट्रेडर्स की दुकान से 90 कट्टा धान जब्त किया गया। इसी क्रम में तहसील टुंड्रा के ग्राम गिरौदपुरी स्थित बिसाहू साहू किराना स्टोर से 10 कट्टा धान और 15 कट्टा चावल बरामद किया गया। इसके अलावा ग्राम नरधा में पूनाराम ट्रेडर्स के यहां कार्रवाई करते हुए 14 कट्टा धान जब्त किया गया।
किसानों के हक पर नजर, बिचौलियों पर प्रशासन की सख्ती
गौरतलब है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक किसानों को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, बिचौलियों की गतिविधियों और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अब प्रशासन की नजर उन सभी ठिकानों पर है, जहां समर्थन मूल्य की खरीदी के बीच अवैध रूप से धान का भंडारण या कारोबार किया जा रहा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!