धमतरी। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी शुरू होने से पहले धमतरी जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधीश के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा के संवेदनशील क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों के धान का परिवहन करते दो मेटाडोर वाहनों को जब्त किया है।
दो वाहनों में मिला 220 क्विंटल धान
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को की गई कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक CG 05 AR 4965 में 100 क्विंटल यानी 250 कट्टा धान तथा वाहन क्रमांक CG 04 PL 7156 में 120 क्विंटल यानी 300 कट्टा धान का परिवहन किया जा रहा था। दोनों वाहनों से कुल 220 क्विंटल धान, यानी 550 कट्टा धान के परिवहन का मामला सामने आया।
सिहावा और नगरी थाना की सुपुर्दगी में वाहन
बिना वैध दस्तावेजों के धान परिवहन किए जाने पर दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थानों की सुपुर्दगी में रखा गया है। इनमें एक वाहन सिहावा थाना और दूसरा नगरी थाना में रखा गया है।
धान खरीदी सीजन को देखते हुए प्रशासन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में धान के आवागमन पर निगरानी रखी जा रही है। इस कार्रवाई को धान के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने और खरीदी व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अब आगे की कार्रवाई में यह स्पष्ट होगा कि जब्त धान कहां से लाया जा रहा था और उसके परिवहन से संबंधित दस्तावेज क्यों उपलब्ध नहीं थे।
✍️
ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!