Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

धान की खेती छोड़ ग्राफ्टेड बैंगन से चमकी किसान की किस्मत, 0.40 हेक्टेयर में कमाया 2.43 लाख रुपये शुद्ध मुनाफा

State Head - H.R.SAHU
State Head - H.R.SAHU
5 Min Read 0 Comments
Chhattisgarh local news
Chhattisgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर

        हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

राष्ट्रीय कृषि विकास योजना बनी आर्थिक मजबूती का आधार, आधुनिक तकनीक और ड्रिप सिंचाई अपनाकर कृषक उत्कल ने पेश की सफलता की मिसाल

 

महासमुंद, 25 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन की किसान हितैषी योजनाओं और उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से जिले के किसान अब परंपरागत खेती के साथ आधुनिक उद्यानिकी फसलों की ओर कदम बढ़ाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं। इसका उदाहरण विकासखंड बसना के ग्राम बरडीह के कृषक श्री उत्कल हैं, जिन्होंने धान की परंपरागत खेती से आगे बढ़कर ग्राफ्टेड बैंगन की खेती अपनाई और बेहतर उत्पादन के साथ अच्छी आमदनी हासिल की।

 

कृषक उत्कल ने वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 0.40 हेक्टेयर भूमि में ग्राफ्टेड बैंगन की खेती शुरू की। इससे पहले वे मुख्य रूप से धान की खेती करते थे। उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाया और फसल में ड्रिप सिंचाई पद्धति का उपयोग किया। इससे पौधों को जरूरत के अनुसार पानी उपलब्ध कराने में मदद मिली और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने का बेहतर परिणाम सामने आया।

 

प्रति एकड़ 146 क्विंटल उत्पादन, 2.43 लाख रुपये का शुद्ध लाभ

 

ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से कृषक उत्कल को प्रति एकड़ लगभग 146 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ। बाजार में अच्छे दाम मिलने के कारण सभी खर्चों को निकालने के बाद उन्हें लगभग 2 लाख 43 हजार रुपये का शुद्ध लाभ हुआ। इस सफलता ने साबित किया कि आधुनिक तकनीक और फसल विविधीकरण अपनाकर किसान अपनी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।

 

दूसरे किसानों के लिए बने प्रेरणा

 

कृषक उत्कल लगातार खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी लेने के लिए उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के संपर्क में रहते हैं। वे विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर खेती को और बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही अपने रिश्तेदारों और गांव की अन्य महिलाओं को भी उद्यानिकी फसलें अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

 

उनकी सफलता से प्रभावित होकर आसपास के किसान भी उनके खेतों का भ्रमण कर ग्राफ्टेड बैंगन की खेती, ड्रिप सिंचाई और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

 

राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के माध्यम से मिली प्रोत्साहन और विभागीय मार्गदर्शन ने कृषक उत्कल के लिए खेती को अधिक लाभकारी बनाने का रास्ता खोला है। उनकी यह पहल जिले के अन्य किसानों के लिए भी फसल विविधीकरण और आधुनिक खेती अपनाने की प्रेरणादायक मिसाल बन रही है।

State Head - H.R.SAHU
Written by

State Head - H.R.SAHU

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos