ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
धमतरी। खेतों में धान की कटाई और मिंजाई के बीच एक गंभीर स्वास्थ्य संकट सामने आ रहा है। जिस धान की फसल को किसान पूरे साल मेहनत से तैयार करते हैं, उसी की कटाई के दौरान उड़ने वाले तिनके और बालियां अब लोगों की आंखों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। धमतरी जिले में इस सीजन में आंखों में चोट और संक्रमण के चलते 49 लोग अपनी आंखों की रोशनी गंवा चुके हैं। इनमें 14 लोगों की दोनों आंखें और 35 लोगों की एक आंख प्रभावित हुई है। गंभीर संक्रमण के चलते दो मरीजों की एक-एक आंख तक निकालनी पड़ी है।
खेतों में काम करना बना आंखों के लिए खतरा
धान कटाई और मिंजाई के दौरान हवा में उड़ने वाले सूखे तिनके और धान की बालियां सीधे आंखों में चोट पहुंचा रहे हैं। शुरुआत में मामूली चोट समझकर लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही लापरवाही बाद में गंभीर संक्रमण का कारण बन रही है। जिला अस्पताल में रोजाना तीन से चार मरीज आंखों में चोट की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
कुरूद और नगरी विकासखंड में सबसे ज्यादा प्रभावित
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार कुरूद विकासखंड में 10 लोगों की दोनों आंखों और 13 लोगों की एक आंख की रोशनी जा चुकी है। नगरी में 17 लोग एक आंख से दृष्टिहीन हुए हैं। मगरलोड में दो लोगों की दोनों आंखें और तीन लोगों की एक आंख प्रभावित हुई है। वहीं गुजरा और धमतरी क्षेत्र में दो लोगों की दोनों आंखों तथा दो लोगों की एक आंख की रोशनी चली गई है।
मेडिकल स्टोर से दवा लेना पड़ रहा भारी
नेत्र विशेषज्ञों के अनुसार आंख में तिनका या धान की बाली जाने पर लोग अक्सर आंखों को जोर-जोर से रगड़ते हैं। इससे कॉर्निया यानी आंख की पारदर्शी पुतली पर घाव बन सकता है। इसके बाद बिना चिकित्सकीय सलाह के स्टेरॉयड आई ड्रॉप का इस्तेमाल संक्रमण को और गंभीर बना सकता है। फंगल और बैक्टीरियल संक्रमण बढ़ने पर आंख को बचाना मुश्किल हो जाता है।
दो मरीजों की निकालनी पड़ी आंख
इस सीजन में संक्रमण के गंभीर परिणाम भी सामने आए हैं। दो मरीजों की आंखों को बचाने में सफलता नहीं मिलने पर शल्य चिकित्सा के जरिए उनकी एक-एक आंख निकालनी पड़ी। पिछले वर्ष भी ऐसी ही लापरवाही के कारण दो मरीजों को अपनी आंख गंवानी पड़ी थी।
किसानों के लिए विशेषज्ञों की जरूरी सलाह
विशेषज्ञों ने किसानों और खेत मजदूरों को धान कटाई एवं मिंजाई के दौरान सुरक्षात्मक चश्मा पहनने की सलाह दी है। आंख में तिनका जाने पर उसे रगड़ने या खुद से दवा डालने के बजाय तत्काल नेत्र विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए।
सावधान! आंखों के मामले में छोटी लापरवाही भी जिंदगीभर का अंधेरा बन सकती है। धान कटाई के इस सीजन में थोड़ी सी सावधानी आपकी आंखों की रोशनी बचा सकती है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!