Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

धरे गए शातिर चोर: कुकदूर पुलिस ने चोरी के दो मामलों का किया खुलासा, ₹2.50 लाख का माल बरामद

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
67 Views 5 Min Read 0 Comments
धरे गए शातिर चोर: कुकदूर पुलिस ने चोरी के दो मामलों का किया खुलासा, ₹2.50 लाख का माल बरामद

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक कथित शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित करीब 2.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है।

 

सूने मकानों को बनाता था निशाना

 

पुलिस के मुताबिक, कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम ढपरापानी और छींदीडीह में बैगा परिवारों के सूने मकानों से चांदी के जेवरात चोरी होने की शिकायत मिली थी। दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

 

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नेऊर निवासी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे चोरी किए गए चांदी के जेवरात बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

 

मोटरसाइकिल से करता था रेकी

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी होंडा साइन मोटरसाइकिल से वनांचल क्षेत्रों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करता था। ग्रामीणों के खेती-किसानी के काम से घर से बाहर जाने के बाद वह उनके सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करता था।

 

चांदी के जेवरात और मोटरसाइकिल बरामद

 

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चांदी का लच्छा, सुतिया, ढार, चंद्रबली, चांदी के रुपये सहित अन्य चांदी के जेवरात बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

 

पुलिस के मुताबिक बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये है। दोनों मामलों में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए आरोपी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

 

यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित पटेल और एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

 

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा सहित कुकदूर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

घर की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील

 

कबीरधाम पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय दरवाजे और खिड़कियों को अच्छी तरह बंद कर मजबूत ताला लगाएं। घर में रखे कीमती जेवरात और अन्य सामान को सुरक्षित स्थान पर रखें।

 

पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि घर लंबे समय तक बंद रखना हो तो आसपास के भरोसेमंद लोगों और पुलिस को इसकी जानकारी दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos