Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

धमतरी में हथियारबंद युवकों के उत्पात पर पुलिस की कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; 6 विधि से संघर्षरत बालकों पर कार्रवाई

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
5 Min Read 0 Comments
Hamar Pradesh Cg.com
Hamar Pradesh Cg.com

✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू | हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़

धमतरी। शहर के मराठा पारा और बांसपारा में देर रात हथियारों के साथ उत्पात मचाने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और तोड़फोड़ करने के मामले में धमतरी पुलिस ने कार्रवाई की है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी नोमेश पटेल उर्फ आर्यन (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वहीं, प्रकरण में संलिप्त 6 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, बांस के डंडे और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।

गमछे से चेहरा ढंककर पहुंचे थे 15 से 20 युवक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच 15 से 20 युवक चेहरे पर गमछा बांधकर मराठा पारा और बांसपारा क्षेत्र में एकत्र हुए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवकों के हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, तलवार और चाकू जैसे हथियार थे। उन्होंने मोहल्लेवासियों के साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा घरों के दरवाजों और दुकानों के शटर पर लाठी-डंडों से वार कर क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने का आरोप है।

घटना के संबंध में मराठा पारा निवासी एक वार्डवासी की लिखित शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं सीएसपी धमतरी श्री अभिषेक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने संदेहियों की पतासाजी और पूछताछ की। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान नोमेश पटेल उर्फ आर्यन, निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, कारगिल चौक, धमतरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच और उनकी पतासाजी जारी है।

चाकू, बांस के डंडे और कपड़े जब्त

विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की उपस्थिति में घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, बांस के डंडे और वारदात के समय पहने गए कपड़ों को जब्त किया गया है। प्रकरण में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

मामले में संलिप्त 6 विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।

BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस के मुताबिक, थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 191(3), 189(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में एक बालिग आरोपी गिरफ्तार किया गया है, जबकि 6 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

धमतरी पुलिस की आम नागरिकों से अपील

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि गुंडागर्दी, हथियारों का प्रदर्शन, मारपीट, धमकी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने और आम नागरिकों में भय उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos