धमतरी में स्कूली बस में लगी अचानक आग, 28 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मंगलवार को एक स्कूली बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बस में 25 बच्चे, एक शिक्षक, चालक और हेल्पर समेत कुल 28 लोग सवार थे। राहत की बात रही कि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम सेहराडबरी के पास हुई। बताया जा रहा है कि स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी, तभी अचानक बस से धुआं निकलने लगा। धुआं दिखाई देने के बाद बस में सवार बच्चों और शिक्षक के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी। इसके बाद बच्चों और शिक्षक समेत सभी 28 लोगों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही देर में बस में आग फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और 112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। आग पूरी तरह बुझा दी गई। घटना में किसी बच्चे या शिक्षक को चोट नहीं आई।
बताया जा रहा है कि यह बस विद्या कुंज स्कूल की है। हादसे के बाद सभी बच्चों और शिक्षक को दूसरी बस की मदद से स्कूल पहुंचाया गया। सभी बच्चे और शिक्षक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
hamarpradeshcg.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!