धमतरी में फिर तेज रफ्तार का कहर, 17 वर्षीय बाइक सवार की मौत
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सड़क सुरक्षा अभियान के बावजूद सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार तड़के श्याम तराई नाका चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र में रायपुर-जगदलपुर हाईवे के बायपास पर हुआ।
मृतक की पहचान जय रेड्डी (17 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक जय रायपुर में रहकर पढ़ाई करता था। उसकी मां हैदराबाद में रहती हैं, जबकि धमतरी में उसके रिश्तेदार रहते हैं। बताया जा रहा है कि जय कुछ दिनों के लिए धमतरी आया हुआ था।
रविवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच जय बाइक लेकर निकला था। इसी दौरान श्याम तराई नाका चौक के पास वह हादसे का शिकार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक गंभीर हालत में और बाइक क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ या बाइक किसी जानवर से टकराई, इसे लेकर जांच की जा रही है।
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने पर एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह और घटना में किसी वाहन की भूमिका स्पष्ट हो सके।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हर खबर पर नजर — hamarpradeshcg.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!