हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
धमतरी में पेट्रोल पंप पर सनकी का खौफनाक तांडव: दो बाइक फूंकी, डिस्पेंसिंग नोजल में लगाई आग, बड़ा धमाका टला, आरोपी जीवन निषाद गिरफ्तार
*धमतरी, 08 अक्टूबर 2026।* छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक सिरफिरे युवक ने गुस्से में आकर पूरे इलाके को तबाह करने की साजिश रच डाली। मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित ‘माता रानी फ्यूल्स’ पेट्रोल पंप का है। पुलिस ने इस खौफनाक आगजनी की वारदात को अंजाम देने वाले 47 वर्षीय आरोपी जीवन निषाद (निवासी वार्ड क्रमांक 1, मेघा) को गिरफ्तार कर लिया है।
रात 1:30 बजे दिया वारदात को अंजाम
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार घटना 1 अक्टूबर की देर रात करीब 1:30 बजे की है। आरोपी ने पहले से सुनियोजित तरीके से पंप परिसर में खड़ी कर्मचारियों की दो मोटरसाइकिलों पर पेट्रोल छिड़क कर माचिस से आग लगा दी। देखते ही देखते दोनों बाइक धू-धू कर जलने लगीं।
इतना ही नहीं, आरोपी का मकसद सिर्फ बाइक जलाना नहीं था। उसने मुख्य डिस्पेंसिंग यूनिट के नोजल को भी माचिस से सुलगाने का दुस्साहस किया। अगर आग की लपटें मुख्य सप्लाई लाइन तक पहुंच जातीं तो अंडरग्राउंड स्टोरेज टैंक में भीषण विस्फोट हो सकता था और पूरा मेघा गांव तबाही की चपेट में आ जाता। गनीमत रही कि रात में ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने अदम्य साहस दिखाते हुए अग्निशामक यंत्रों से आग पर काबू पा लिया और बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद पंप का संचालन कुछ घंटों के लिए पूरी तरह ठप करना पड़ा।
पहले गाली-गलौज, फिर धमकी और फिर आगजनी
पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई है वो और भी चौंकाने वाली है। घटनाक्रम की शुरुआत देर रात करीब 11:30 बजे हुई थी, जब आरोपी नशे की हालत में पेट्रोल पंप पहुंचा और बेवजह कर्मचारियों से उलझते हुए अभद्र व्यवहार करने लगा। कर्मचारियों द्वारा उसकी अनुचित मांगों को मानने से इंकार करने पर उसने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
इसके करीब दो घंटे बाद, रात 1:30 बजे सन्नाटे का फायदा उठाकर वह दोबारा लौटा और बाइकों को आग के हवाले कर दिया। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
बच्ची के नाले में बहने से था आक्रोशित
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए जो वजह बताई, उसने सबको चौंका दिया। आरोपी ने बताया कि 26 सितंबर को पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में एक छोटी बच्ची गिर गई थी, जो तेज बहाव में महानदी की ओर बह गई और उसकी मौत हो गई। आरोपी इस हादसे के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार मानकर गुस्से में था। इसी रंजिश के चलते उसने पंप को आग लगाने की साजिश रची थी।
मोबाइल लोकेशन और CCTV से घेराबंदी कर पकड़ा
घटना के बाद प्रबंधन की शिकायत पर मगरलोड थाना पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने CCTV फुटेज जब्त कर साइबर सेल की मदद ली। संदेही के मोबाइल टावर डंप डेटा और ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। सीमावर्ती इलाकों और अंतर्राज्यीय मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
कपड़े व माचिस जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त माचिस और घटना के समय पहने कपड़े जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ BNS की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले में ऐसी सख्त कार्यवाही की जायेगी जो भविष्य में नजीर बने।
साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी हादसे से आक्रोशित होकर कानून हाथ में न लें और किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर पुलिस या प्रशासन को तत्काल सूचित करें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!