✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू... हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
धमतरी/अर्जुनी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुजगहन के सहड़ा चौक के पास अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर tu चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल दीपांशु साहू की जिला अस्पताल धमतरी में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास साहू घायल है और उसका इलाज जारी है।
पुराने हत्याकांड से जुड़ रहा घटनाक्रम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना को मुजगहन बाईपास के पास तालाब से मिले अमित गोस्वामी के शव से जुड़े पुराने हत्याकांड के घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। उक्त मामले में दीपांशु साहू और विकास साहू पर अमित गोस्वामी की हत्या का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि दोनों न्यायालय से जमानत पर रिहा हुए थे।
अब दोनों युवकों पर हुए चाकू से हमले के पीछे पुरानी रंजिश या बदले की कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एक की मौत, दूसरे का उपचार जारी
चाकूबाजी की घटना के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान दीपांशु साहू ने दम तोड़ दिया, जबकि विकास साहू का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है।
किसने किया हमला, क्या थी वजह?
इस वारदात के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या चाकूबाजी की यह घटना पुराने हत्याकांड से जुड़ी है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है? हमले में कौन-कौन शामिल था और वारदात को किस वजह से अंजाम दिया गया, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
घटना के वास्तविक कारणों, हमलावरों की पहचान और पुराने मामले से संभावित संबंधों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, पूरे मामले में आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!