ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
अपराधियों पर शिकंजा कसने एसपी भावना पांडेय एक्शन मोड में, लंबित मामलों पर थाना प्रभारियों को अल्टीमेटम
60-90 दिन से अटके मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश, नशा तस्करी, चाकूबाजी और फरार आरोपियों पर विशेष निगरानी; डिजिटल पुलिसिंग को लेकर भी सख्ती
धमतरी। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग लेकर थाना एवं चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए। रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में लंबित अपराधों, विवेचना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और जिले की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराधों के निराकरण में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने 60 एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने, गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने और निर्धारित समय-सीमा में चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
फरार आरोपियों और वारंटियों की अब खैर नहीं
क्राइम मीटिंग में फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों, निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। एसपी ने उनकी पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नशे के कारोबार और चाकूबाजी पर पुलिस का विशेष फोकस
जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस को नेटवर्क की पहचान कर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं चाकू और धारदार हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्धों एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाने और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
तकनीक के सहारे होगी स्मार्ट पुलिसिंग
एसपी भावना पांडेय ने आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए CCTNS, E-Sakshya, E-FSL, e-Prosecution, ICJS, CEIR, NETGRID सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को तकनीकी संसाधनों का नियमित उपयोग करने और ऑनलाइन रिकॉर्ड एवं डिजिटल प्रविष्टियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी होगी कार्रवाई
सड़क सुरक्षा को लेकर रॉन्ग साइड वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग करने, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अनधिकृत पार्किंग के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा थानों में CCTV कैमरों की कार्यशीलता, शासकीय वाहनों एवं पुलिस संसाधनों के रखरखाव, लंबित जब्ती माल के निराकरण तथा आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करने की समीक्षा की गई।
क्राइम मीटिंग में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, शैलेन्द्र कुमार पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी रागिनी मिश्रा, डीएसपी भानू प्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी विपिन रंगारी एवं रक्षित निरीक्षक सहित जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसपी भावना पांडेय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण और आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आगामी समीक्षा बैठक में सभी थाना एवं शाखा प्रभारी अपने कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित हों।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!