Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

धमतरी में 31 सदस्यीय परिवार के सामाजिक बहिष्कार का आरोप, बातचीत करने वालों पर ₹10 हजार जुर्माने की शिकायत

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
73 Views 5 Min Read 0 Comments
धमतरी में 31 सदस्यीय परिवार के सामाजिक बहिष्कार का आरोप, बातचीत करने वालों पर ₹10 हजार जुर्माने की शिकायत

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार 

धमतरी। जिले के ग्राम तर्रागोंदी में एक परिवार ने करीब दो वर्षों से सामाजिक बहिष्कार किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। धनेश्वर साहू के करीब 31 सदस्यीय परिवार का कहना है कि जमीन विवाद के बाद गांव में उनका हुक्का-पानी बंद कर दिया गया है। परिवार ने कलेक्टर से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।

परिवार के मुताबिक, वे अपनी पुश्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने जमीन को अतिक्रमण बताते हुए निर्माण पर आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। परिवार का दावा है कि जमीन उनके पूर्वजों के नाम से दर्ज रही है और इसी जमीन के रिकॉर्ड को लेकर विवाद चल रहा है।

बातचीत करने पर ₹10 हजार जुर्माने का आरोप

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विवाद के बाद ग्रामीणों ने उनसे बातचीत और लेन-देन तक बंद कर दिया। परिवार का कहना है कि यदि कोई ग्रामीण उनसे बात करता है तो उस पर ₹10 हजार जुर्माना लगाने की बात कही जाती है। बच्चों को गांव की दुकानों से चॉकलेट या अन्य सामान नहीं मिलने और गांव के डॉक्टर द्वारा इलाज नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता हेमलता साहू ने कहा कि परिवार के लोग इस स्थिति से बेहद परेशान हैं और बच्चे भी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए गांव की दुकानों पर नहीं जा पा रहे हैं। वहीं सरोज बाई का कहना है कि परिवार को घर से बाहर निकलने में भी परेशानी महसूस होती है और उन्हें बाहर से सामान लाना पड़ता है।

शिकायतकर्ता रोशनलाल साहू ने कहा कि, “दो साल से हमारा हुक्का-पानी गांव में बंद है। गांव के लोग हमसे बात नहीं करते और गांव के डॉक्टर भी हमारा इलाज नहीं करते।” उन्होंने बताया कि जमीन के दस्तावेज और रिकॉर्ड में त्रुटियों को लेकर भी प्रशासन से कई बार शिकायत की गई है।

प्रशासन ने जांच के दिए निर्देश

मामले में अपर कलेक्टर धमतरी इंदिरा देवहारी ने बताया कि एसडीएम को जांच के निर्देश दिए गए हैं। दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी और यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि सामाजिक बहिष्कार जैसी स्थिति के पीछे वास्तविक कारण क्या है।

पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से जमीन विवाद का निराकरण करने के साथ ही सामाजिक बहिष्कार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें राहत दिलाने की मांग की है। अब प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos