✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
धमतरी। जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिलों से परिवहन की जा रही 373 पौवा देशी शराब जब्त की है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलों समेत कुल 1 लाख 33 हजार 600 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग दो मोटरसाइकिलों में बोरी भरकर अवैध शराब लेकर हटकेशर शराब भट्ठी की ओर से रत्नाबांधा की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने रत्नाबांधा-हटकेशर शराब भट्ठी रोड के पास घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान भानुप्रताप ध्रुव के कब्जे से 100 पौवा देशी प्लेन और 85 पौवा देशी मसाला शराब, कुल 33.84 बल्क लीटर, कीमत करीब 16,500 रुपये, बरामद की गई। वहीं हेमन्त ग्वाल के कब्जे से 85 पौवा देशी प्लेन और 103 पौवा देशी मसाला शराब, कुल 33.30 बल्क लीटर, कीमत करीब 17,100 रुपये, जब्त की गई।
पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल Honda Shine मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AC 4065 और CG 05 AE 7918 को भी जब्त किया है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 50-50 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में पुलिस ने महेश लछवानी (35), भानुप्रताप ध्रुव (20), मनीष जोशी (48) और हेमन्त ग्वाल (34) को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 205/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!