✍️जयकिशन साहू... हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
धमतरी। अपराधियों पर धमतरी पुलिस की सख्ती का एक और बड़ा असर देखने को मिला है। 22 आपराधिक मामलों में नाम दर्ज आदतन बदमाश महेश उर्फ बजरंगी निर्मलकर को अब एक साल के लिए जिला बदर कर दिया गया है।
एसपी भावना पांडेय की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने कार्रवाई करते हुए महेश निर्मलकर को 7 सितंबर 2026 से एक वर्ष के लिए धमतरी समेत 6 सीमावर्ती जिलों की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश दिया है।
7 जिलों की सीमा में नहीं कर सकेगा प्रवेश...
जिला बदर की अवधि में महेश उर्फ बजरंगी निर्मलकर धमतरी, रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोंडागांव और गरियाबंद की राजस्व सीमाओं में सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना प्रवेश नहीं कर सकेगा।
पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 307, आर्म्स एक्ट, मारपीट और आबकारी अधिनियम सहित कुल 22 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
आदेश तोड़ा तो होगी कार्रवाई...
जिला दंडाधिकारी के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में बिना अनुमति संबंधित जिलों में प्रवेश करने पर उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपराधियों पर लगातार शिकंजा
धमतरी पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक जिला बदर के लिए 5 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें 2 मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। वहीं वर्ष 2025 में 11 बदमाशों को जिला बदर किया गया था।
पुलिस का कहना है कि जिले में सक्रिय गुंडे, बदमाश और आदतन अपराधियों के रिकॉर्ड की लगातार समीक्षा की जा रही है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!