✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू | हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा में गाली-गलौज करने से मना करने पर पड़ोसी द्वारा एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में रोशन साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रायपुर के उर्मिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका आईसीयू में उपचार जारी है। मामले में करेलीबड़ी पुलिस ने आरोपी अवधराम साहू (56 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 7:30 बजे की है। आरोपी अपने घर की बाड़ी में गाली-गलौज कर रहा था। रोशन साहू और पड़ोसी चुम्मन साहू ने उसे ऐसा करने से मना किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आक्रोशित आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए रोशन साहू के पेट पर धारदार स्टील के चाकू से वार कर दिया।
घटना की शिकायत पर चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 एवं 109(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के आंगन में ईंट के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने 24 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद में कानून हाथ में लेने के बजाय शांतिपूर्ण और वैधानिक तरीके से समस्या का समाधान करें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!