✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के गेरवानी स्थित शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात के बाद बिहार भागे 19 वर्षीय आरोपी विवेक कुमार यादव को जमुई जिले से गिरफ्तार किया है। मामले में फरार आरोपी रोशन ठाकुर की तलाश जारी है।
शराब दुकान में हुआ था विवाद
पूरा मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे गेरवानी शराब दुकान में तैनात सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल (43) का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने गार्ड को जान से मारने की धमकी दी और पिस्टल निकालकर फायर कर दिया।
गोली चंद्रशेखर पटेल के पेट में लगी। घायल गार्ड ने किसी तरह आहाते के पीछे जाकर अपनी जान बचाई और साथियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर डायल-112 की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल गार्ड की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा थाने में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
सीसीटीवी और पूछताछ से मिली अहम जानकारी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और क्षेत्र के विभिन्न प्लांटों में काम करने वाले लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बिहार में छिपे होने की जानकारी मिली।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन और उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार के जमुई जिले पहुंची। आरोपी के घर पर दबिश दी गई तो पुलिस की भनक लगते ही विवेक खेतों की ओर भागकर छिपने का प्रयास करने लगा।
पुलिस टीम ने करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया और आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया गया। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल भी बरामद की गई है।
30 हजार रुपये में खरीदी थी पिस्टल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपी के अनुसार वह रायगढ़ के गेरवानी स्थित अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करता था। वहां फोरमैन प्रमोद शुक्ला से उसका विवाद चल रहा था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि फोरमैन को डराने के इरादे से उसने बिहार से करीब 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी थी।
दोस्त के आंसू देखकर लिया बदला
पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त की रात विवेक अपने दोस्त रोशन ठाकुर के साथ गेरवानी की देशी शराब दुकान पहुंचा था। देर रात पहुंचने पर सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल ने दोनों को डांट दिया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और दोनों युवक वापस लेबर क्वार्टर चले गए।
बताया जा रहा है कि गार्ड की डांट से रोशन ठाकुर काफी नाराज था और भावुक होकर रो रहा था। दोस्त को रोता देखकर विवेक ने कथित तौर पर गार्ड से बदला लेने का फैसला किया। इसके बाद वह पिस्टल लेकर दोबारा शराब दुकान पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए गार्ड पर फायर कर दिया।
गोली लगने से गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी बिहार भाग गया था।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी रोशन ठाकुर की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि अपराध करने के बाद आरोपी चाहे किसी भी राज्य या क्षेत्र में जाकर छिपे, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस समन्वय के जरिए उसकी पतासाजी कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम जुटी हुई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!