✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार 
दुर्ग। महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। सुबह की चाय से लेकर बच्चों के दूध तक का खर्च बढ़ गया है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने 12 नवंबर से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। इस फैसले को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा ने चिंता जताते हुए सरकार पर महंगाई के मुद्दे पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, अमूल ताजा की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर और अमूल गोल्ड की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। वहीं मदर डेयरी ने भी दूध की विभिन्न श्रेणियों के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं।
डेयरी कंपनियों ने पशु चारा, हरे एवं सूखे भूसे, पशु आहार, पैकेजिंग और परिवहन की बढ़ती लागत को कीमतों में वृद्धि का कारण बताया है।
दूध के दाम बढ़ने का असर केवल घरेलू बजट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बच्चों के पोषण, स्कूली बच्चों की दिनचर्या, बुजुर्गों के स्वास्थ्य और परिवार की रसोई पर भी पड़ेगा। सीमित आय वाले परिवारों के लिए हर महीने दूध पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी आर्थिक बोझ बढ़ाएगा।
अरुण वोरा ने महंगाई पर उठाए सवाल
अरुण वोरा ने कहा कि देश में महंगाई का दबाव लगातार आम जनता की क्रय शक्ति को प्रभावित कर रहा है। खाद्य तेल, दाल, सब्जियां, अनाज और रसोई की अन्य आवश्यक वस्तुओं के बीच अब दूध भी महंगा हो गया है। रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। सरकार को बताना चाहिए कि आम आदमी को इस बढ़ती महंगाई से राहत कब मिलेगी?
उन्होंने कहा कि मध्यमवर्ग देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, लेकिन विडंबना यह है कि बढ़ती महंगाई का सबसे निरंतर दबाव भी इसी वर्ग को झेलना पड़ता है। उसकी आय सीमित है, जबकि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
वोरा ने कहा कि सरकार को मध्यमवर्ग के इस आर्थिक संघर्ष को समझना होगा और आम जनता को महंगाई से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!